जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर के गोशालाओं व नंदीशालाओं का किया निरीक्षण, पशुपालकों को रियायती दर पर चारा उपलब्ध कराने के लिए चारा डिपो शुरू
भीलवाड़ा, 16 नवंबर। पश्चिमी राजस्थान के अल्पवर्षा प्रभावित सीमावर्ती क्षेत्रों में गोवंश के सामने खड़े चारे और पानी के संकट को देखते हुए भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने तीन दिवसीय सेवा प्रवास किया। इस दौरान उन्होंने जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर जिलों के विभिन्न गांवों का दौरा कर गोशालाओं, नंदीशालाओं और गोसेवा से जुड़ी संस्थाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही ग्रामीणों और पशुपालकों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं।
प्रवास के दौरान विधायक कोठारी सबसे पहले जोधपुर स्थित संबोधि धाम पहुंचे, जहां उन्होंने ललितप्रभ सागरजी महाराज एवं चंद्रप्रभ सागरजी महाराज से आत्मीय भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद उन्होंने संत निर्मल सिंहजी महाराज द्वारा स्थापित प्रसिद्ध भादरिया गोशाला का निरीक्षण किया। करीब सवा लाख बीघा क्षेत्र में विस्तारित इस गोशाला में लगभग 35 हजार गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है। विधायक ने गोशाला प्रबंधक जुगल किशोर से व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक विषयों पर पशुपालन मंत्री कार्यालय से भी संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विश्वप्रसिद्ध भादरिया लाइब्रेरी का भी अवलोकन किया।
अल्पवर्षा से चारे के संकट का लिया जायजा
जैसलमेर जिले के सतो गांव पहुंचकर विधायक कोठारी ने स्थानीय कार्यकर्ता एवं डेयरी संचालक शैतान सिंह तथा पूर्व सरपंच गजेंद्र सिंह के साथ आसपास के गांवों का दौरा किया। उन्होंने अल्पवर्षा के कारण सेवण घास समाप्त होने और पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता में आ रही कठिनाइयों को देखा। ग्रामीणों एवं पशुपालकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
पांच रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर मिलेगा चारा
गोवंश को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पथमेड़ा गोशाला के सहयोग से सूरज सिंहजी की ढाणी में चारा डिपो का शुभारंभ किया गया। इस व्यवस्था के माध्यम से किसानों एवं पशुपालकों को सब्सिडी के साथ लगभग पांच रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर चारा उपलब्ध करवाया जाएगा।
विधायक कोठारी ने सीमावर्ती पोछीना गांव में ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद भीमतलाई स्थित तालाब का निरीक्षण किया तथा क्षेत्र में पेयजल एवं पशुओं के लिए पानी की आवश्यकता को देखते हुए ट्यूबवेल स्थापित करने की संभावनाओं का जायजा लिया।
पथमेड़ा में सीएनजी प्लांट और नंदीशाला का निरीक्षण
प्रवास के दौरान रामसर (बाड़मेर) होते हुए विधायक कोठारी पथमेड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित सीएनजी उत्पादन प्लांट का अवलोकन किया। इसके साथ ही गोलासन स्थित नंदीशाला और पथमेड़ा डेयरी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इसके बाद नंदगांव गोशाला में महाराज श्री दत्तशरणजी से भेंट की। इस दौरान सीमावर्ती एवं अल्पवर्षा प्रभावित क्षेत्रों में गोवंश की स्थिति, चारे-पानी की उपलब्धता और गोसेवा संस्थाओं की ओर से किए जा रहे राहत कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समाज और संस्थाओं को मिलकर करने होंगे प्रयास
इस तीन दिवसीय सेवा प्रवास में सूरत के कपड़ा व्यवसायी राधेश्याम गांधी, परम गोभक्त सुनील जागेटिया, शिक्षाविद् विवेक निमावत, वैद्य श्यामसुंदर, धर्मेश कुमार एवं मनीष कुमार साथ रहे। विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय गोसेवकों और कार्यकर्ताओं का भी सहयोग मिला।
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि गोवंश की पीड़ा को समझना, संकटग्रस्त किसानों और पशुपालकों के साथ खड़ा होना तथा गोसेवा में जुटी संस्थाओं के सहयोग से समस्याओं का व्यावहारिक समाधान तलाशना समय की आवश्यकता है। गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज, सरकार और गोसेवा संस्थाओं को मिलकर प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा कि गोसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है।
