भीलवाड़ा में राष्ट्रभक्ति से गूंजा स्वतंत्रता दिवस समारोह, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने फहराया तिरंगा

खबर को शेयर करे :-

मार्च-पास्ट, बैंड वादन, विद्यार्थियों के व्यायाम प्रदर्शन और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

भीलवाड़ा, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भीलवाड़ा जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, राष्ट्रभक्ति और गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। राष्ट्रगान और देशभक्ति के नारों से पूरा समारोह स्थल राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर रहा।

अनुशासित मार्च-पास्ट ने बढ़ाई समारोह की गरिमा

उपमुख्यमंत्री डॉ. बैरवा ने मार्च-पास्ट की सलामी ली। समारोह में मेवाड़ भील कोर, राजस्थान पुलिस के पुरुष एवं महिला प्लाटून, राजस्थान गृह रक्षा दल, एनसीसी, हिन्दुस्तान स्काउट्स तथा राजस्थान स्टेट भारत स्काउट एवं गाइड के दलों ने अनुशासित मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत बैंड वादन ने समारोह में उत्साह और उमंग का संचार किया।

आजादी गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी—डॉ. बैरवा

मुख्य अतिथि डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों, शहीदों और वीर माताओं को नमन करते हुए कहा कि आजादी हमारे लिए गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। देश के 140 करोड़ नागरिक हमारी ताकत, सपने और जिम्मेदारियां हैं। भाषा, क्षेत्र और विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन तिरंगा सभी को एक सूत्र में बांधता है और राष्ट्र सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती पर महाराणा प्रताप का शौर्य और मीरा की भक्ति आज भी प्रेरणा देती है। राजस्थान की रग-रग में मेहनत, संघर्ष और स्वाभिमान की भावना है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से कठिनाइयों से घबराने के बजाय चुनौतियों को अवसर में बदलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही सरकाकोर

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार विकसित एवं समृद्ध राजस्थान के निर्माण के लिए कार्य कर रही है। सरकार समाज के सभी वर्गों के विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है। आने वाली पीढ़ी को केवल सड़कें और इमारतें ही नहीं, बल्कि सुरक्षित भविष्य, पर्याप्त पानी और बेहतर जीवन की सुविधाएं उपलब्ध कराना भी हमारी जिम्मेदारी है।किसान मजबूत होगा तो राजस्थान मजबूत होगा

डॉ. बैरवा ने कहा कि राजस्थान का किसान कठिन परिस्थितियों में भी धरती से सोना पैदा करता है। गर्मी, पानी और बाजार की चुनौतियों के बावजूद किसान निरंतर मेहनत करता है। राज्य सरकार पशुपालन, डेयरी और किसान कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि किसान मजबूत होगा तो गांव मजबूत होगा और गांव मजबूत होगा तो राजस्थान मजबूत होगा। किसान की उम्मीद, बेटी का सपना और युवाओं का उज्ज्वल भविष्य ही विकसित राजस्थान की आधारशिला है।

3 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाया शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन

समारोह में 3 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने वांट्स, लेजियम-डम्बल्स एवं मुक्त हस्त व्यायाम का शानदार प्रदर्शन किया। वांट्स प्रदर्शन में 23 विद्यालयों के 1,220 विद्यार्थी, लेजियम एवं डम्बल्स में 14 विद्यालयों के 760 विद्यार्थी तथा मुक्त हस्त व्यायाम में 26 विद्यालयों के 1,140 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राजस्थान की समृद्ध लोक-सांस्कृतिक विरासत पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। मयूर स्कूल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुभाष नगर एवं सेंट्रल एकेडमी सहित विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मानसमारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया गया।

राज्यपाल के संदेश का किया वाचन

अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन डॉ. हरीतिमा ने राज्यपाल के संदेश का वाचन किया। संदेश में स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीरों को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने का आह्वान किया गया।

राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन

समारोह के समापन अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेमूमा की छात्राओं ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान की गूंज के साथ जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

कार्यक्रम का मंच संचालन पंडित अशोक व्यास, हिमांशी शर्मा, सौरभ शर्मा और पंकज पंवार ने किया।

जिलेभर में फहराया गया तिरंगा

इससे पूर्व जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने अपने निवास, जिला कलेक्टर कार्यालय, जिला परिषद, भीलवाड़ा क्लब तथा नगर विकास न्यास में तिरंगा फहराया। जिलेभर के राजकीय कार्यालयों और निजी संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस उत्साह और गरिमापूर्वक मनाया गया।

समारोह में ये रहे मौजूद

समारोह में सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, पुलिस अधीक्षक सागर राणा, एडीएम प्रशासन डॉ. हरीतिमा, एडीएम सिटी प्रतिभा देवठिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-