ग्रीनवेली कॉलेज में फ्रेशर पार्टी का आयोजन, रवि मीणा बने मिस्टर फ्रेशर और पूजा जाट मिस फ्रेशर

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। ग्रीनवेली कॉलेज ऑफ एजुकेशन, पांसल रोड, भीलवाड़ा में नवागंतुक प्रशिक्षणार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय निदेशक जीवी भाटिया के सानिध्य एवं प्राचार्य डॉ. माला पानेरी के निर्देशन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में एस.एम.एम. गर्ल्स कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. ज्योति सचान ने अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं जाने-माने गायक एवं संचालक दिलखुश ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कार्यक्रम को रोचक और मनोरंजक बनाया।

कार्यक्रम के दौरान प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षणार्थियों ने गीत, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा प्रशिक्षणार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिता राउंड आयोजित किए गए, जिनमें उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के विभिन्न चरणों के बाद प्रथम वर्ष के रवि मीणा को मिस्टर फ्रेशर तथा पूजा जाट को मिस फ्रेशर चुना गया। इस अवसर पर बीएड में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कॉलेज टॉपर रहीं कृतिका खारोल को प्राचार्य डॉ. माला पानेरी ने सम्मानित किया।

वहीं भीलवाड़ा जिले में शिक्षण एवं समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज सिंह भाटी को मानद डॉक्टरेट सम्मान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन अवसर पर नवागंतुक प्रशिक्षणार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

खबर को शेयर करे :-