महाराणा प्रताप विजय दिवस पर शाहपुरा से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचेंगे उदयपुर, मोहन भागवत करेंगे संबोधित

खबर को शेयर करे :-

हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होगा भव्य ‘हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:-शती समारोह’

शाहपुरा (भीलवाड़ा)- राजेन्द्र खटीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 जून 2026 को उदयपुर में आयोजित होने वाले भव्य ‘हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतु:-शती समारोह’ में शामिल होने के लिए शाहपुरा क्षेत्र से सैकड़ों श्रद्धालु, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं राष्ट्रभक्त उदयपुर के लिए रवाना होंगे। इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह का माहौल है।

यह समारोह प्रताप गौरव केन्द्र “राष्ट्रीय तीर्थ” एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन उदयपुर के महाराणा भूपाल स्टेडियम (गांधी ग्राउंड) में 17 जून को प्रातः 9:30 बजे से किया जाएगा।

समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत मुख्य वक्ता एवं मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय पंचांग के अनुसार 17 जून का दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन महाराणा प्रताप की जयंती भी मनाई जाएगी। ऐसे में हल्दीघाटी विजय और महाराणा प्रताप जयंती का यह संयुक्त आयोजन ऐतिहासिक महत्व का माना जा रहा है।

आयोजकों के अनुसार समारोह में हल्दीघाटी युद्ध से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों, मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास और महाराणा प्रताप के जीवन पर आधारित विभिन्न प्रदर्शनों का भी आयोजन किया जाएगा। प्रताप गौरव केंद्र में स्थापित हल्दीघाटी दीर्घा, मेवाड़ रत्न दीर्घा एवं रोबोटिक शो भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

समारोह समिति ने आगंतुकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए बताया कि सभी श्रद्धालुओं को प्रवेश द्वार क्रमांक-1 से ही प्रवेश दिया जाएगा। कार्यक्रम समय पर प्रारंभ होगा, इसलिए सभी आगंतुकों से समय से पूर्व पहुंचने की अपील की गई है।

शाहपुरा क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय सामाजिक संगठनों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में लोगों के उदयपुर पहुंचने की तैयारियां पूरी कर ली हैं।

समिति के पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया है कि वे परिवार सहित इस ऐतिहासिक आयोजन में भाग लेकर महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति के संदेश को आत्मसात करें।

खबर को शेयर करे :-