एमपीएल 2026 के चौथे दिन रोमांचक मुकाबलों ने बांधा समां, आरकेआरसी ए, बसंत विहार और चंद्रशेखर आजाद नगर विजयी

खबर को शेयर करे :-

खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से रोमांच चरम पर, दर्शकों ने लिया भरपूर आनंद

भीलवाड़ा। महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत श्रीनगर माहेश्वरी सभा द्वारा आयोजित माहेश्वरी प्रीमियर लीग (एमपीएल) 2026 के चौथे दिन मोदी ग्राउंड में खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। दिनभर चले रोमांचक मैचों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और मैदान में उत्साह व खेल भावना का माहौल बना रहा।

क्रिकेट खेल प्रभारी समर्थ अजमेरा, सौरभ सोमानी एवं रौनक काष्ट ने बताया कि सोमवार को खेले गए मुकाबलों में आरकेआरसी ए, बसंत विहार और चंद्रशेखर आजाद नगर की टीमों ने शानदार जीत दर्ज की।

पहले मुकाबले में आरकेआरसी ए ने सुभाष नगर को 48 रनों से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरकेआरसी ए ने 10 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाए। टीम की ओर से कुलदीप राठी ने सर्वाधिक 39 रन बनाए। जवाब में सुभाष नगर की टीम 5 विकेट पर 76 रन ही बना सकी। शानदार बल्लेबाजी के लिए कुलदीप राठी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में बसंत विहार ने आजाद नगर को 15 रनों से हराया। बसंत विहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 88 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आजाद नगर की टीम 73 रन ही बना सकी। बसंत विहार के विपुल आगाल ने तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

दिन के तीसरे मुकाबले में चंद्रशेखर आजाद नगर ने पुर की टीम को 13 रनों से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए चंद्रशेखर आजाद नगर ने 8 विकेट खोकर 76 रन बनाए। जवाब में पुर की टीम 63 रन पर सिमट गई। शानदार प्रदर्शन के लिए निखिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी, सटीक गेंदबाजी और शानदार क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। प्रत्येक मैच में जीत के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ गया।

इस अवसर पर योगेश लढ़ा (मनोमय), नारायण लढ़ा, ओम गटयानी, मयंक भदादा (आदित्य बैटरी), सत्य प्रहलाद राय हिंगड़, राजेश बाहेती, चंद्रप्रकाश कालिया, दिनेश शारदा, श्यामसुंदर बिड़ला, कैलाश मूंदड़ा, विजय लढ़ा, शांतिलाल डाड, ओम गगरानी, पीयूष डाड, तरुण सोमानी, राकेश काबरा, महेश जाजू, अंकित सोमानी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

आयोजन समिति ने बताया कि आगामी मुकाबलों में प्रतिस्पर्धा और अधिक रोचक होने की संभावना है तथा सभी टीमें खिताब जीतने के लिए पूरा दमखम लगा रही हैं। महेश नवमी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित यह क्रिकेट प्रतियोगिता समाज में एकता, भाईचारे और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का सफल माध्यम बन रही है।

खबर को शेयर करे :-