शाहपुरा (राजेन्द्र खटीक)। विमुक्त घुमंतु अर्ध घुमंतु जनजाति महासंघ के बैनर तले 31 मई 2026 को जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जन्मोत्सव कार्यक्रम को लेकर अखिल भारतीय धनगर गाडरी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से जयपुर में विशेष मुलाकात की।करीब दो घंटे से अधिक चली इस बैठक में राजस्थान के विभिन्न जिलों से पहुंचे समाज के वरिष्ठ समाजसेवियों ने मुख्यमंत्री के साथ समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान गाडरी समाज को विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्ध घुमंतु जातियों (DNT) की सूची में शामिल करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
बैठक में युवा प्रदेश अध्यक्ष नकुल कुमार गाडरी रठाजना ने डीएनटी श्रेणी से समाज को मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए समाज के सामाजिक और शैक्षणिक उत्थान से जुड़े विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। इसके अलावा समाज के प्रतिनिधियों ने विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा की।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समाज प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी बातों को गंभीरता से सुना और 31 मई 2026 को जयपुर में आयोजित होने वाले लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति भी प्रदान की। साथ ही कार्यक्रम की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।बैठक के बाद समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री आवास पर सामूहिक भोजन भी किया। कार्यक्रम में राजस्थान के विभिन्न जिलों से करीब 150 से अधिक वरिष्ठ समाजसेवी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विमुक्त घुमंतु अर्ध घुमंतु जनजाति महासंघ अध्यक्ष दुष्यंत बघेल, युवा प्रदेश अध्यक्ष नकुल कुमार गाडरी, प्रांत संगठन मंत्री भेरूलाल गाडरी कादी सहना, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरचंद गाडरी, पूरण गाडरी, जिला अध्यक्ष भीमचंद गाडरी, किशन गाडरी, पूर्व अध्यक्ष शिवनारायण गाडरी, मोहन गाडरी, कन्हैयालाल गाडरी सहित भीलवाड़ा एवं अन्य जिलों से बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
प्रदेश स्तरीय इस कार्यक्रम को लेकर गाडरी समाज में उत्साह का माहौल है और समाजजन बड़ी संख्या में जयपुर पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेने की तैयारी कर रहे हैं।
