टोबैको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 के तहत विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रम, कैंसर सहित गंभीर बीमारियों के प्रति किया जागरूक
भीलवाड़ा। जिले में युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने के उद्देश्य से टोबैको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिलेभर के राजकीय विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी दी जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीपी गोस्वामी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू की लत से दूर रखना, उनमें स्वस्थ जीवनशैली विकसित करना और जनभागीदारी के माध्यम से तंबाकू मुक्त समाज का निर्माण करना है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कार्मिकों द्वारा लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्मिकों द्वारा राजकीय विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में विद्यार्थियों को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
डॉ. गोस्वामी ने बताया कि तंबाकू का सेवन मुंह, जीभ, गले, स्वरयंत्र और फेफड़ों के कैंसर का प्रमुख कारण है। इसके अलावा तंबाकू सेवन से हृदय रोग, हार्ट अटैक, स्ट्रोक, उच्च रक्तचाप, सांस संबंधी बीमारियां, मसूड़ों की बीमारी और दांतों को नुकसान जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। तंबाकू चबाने से मुंह में सफेद दाग पड़ने और मुंह कम खुलने जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने और दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई जा रही है। साथ ही विद्यार्थियों से इस संदेश को अपने घर-परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि जागरूकता का यह संदेश विद्यालयों तक सीमित न रहकर पूरे समाज तक पहुंचे और युवा पीढ़ी सहित प्रत्येक वर्ग को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।
