जयपुर के कई क्षेत्रों में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद

खबर को शेयर करे :-

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के मद्देनजर प्रशासन का फैसला, सोशल मीडिया और मोबाइल डेटा सेवाओं पर रहेगा प्रतिबंध

जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा 8 जून से प्रस्तावित सामूहिक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को देखते हुए जयपुर प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं।

संभागीय आयुक्त जयपुर वे. सरवण कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुलिस आयुक्तालय जयपुर क्षेत्र के जयपुर उत्तर एवं जयपुर पूर्व जिले के कई थाना क्षेत्रों में 7 जून की रात्रि 12 बजे से 8 जून की रात्रि 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।

आदेश में कहा गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में विभिन्न संगठनों द्वारा प्रदर्शन, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भड़काऊ सामग्री, वीडियो एवं फोटो प्रसारित होने की आशंका के चलते यह कदम उठाया गया है। प्रशासन को साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़ने एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना की सूचना प्राप्त हुई थी।

प्रतिबंध के दौरान 2G, 3G, 4G एवं 5G मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, बल्क एसएमएस, एमएमएस, व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया सेवाएं बंद रहेंगी। हालांकि वॉयस कॉल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।

यह आदेश भारत सरकार के दूरसंचार सेवा अस्थायी निलंबन नियम-2017 तथा राजस्थान सरकार द्वारा प्रदत्त शक्तियों के तहत जारी किया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से आदेश की पालना करने की अपील की है तथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

प्रशासन के अनुसार यह प्रतिबंध जयपुर उत्तर के रामगंज, गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आमेर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जालूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्री नगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर, जयसिंहपुरा खोर सहित अन्य क्षेत्रों तथा जयपुर पूर्व के बस्सी, कानोता, तुंगा, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, जामडोली, गांधी नगर, लालकोठी, मालवीय नगर, सांगानेर, प्रताप नगर और अन्य संबंधित थाना क्षेत्रों में लागू रहेगा।

खबर को शेयर करे :-