जहाजपुर में SDM का ताबड़तोड़ एक्शन – राशन दुकान से लेकर पानी की टंकी तक चढ़े साहब, दो दिन में पूरे सिस्टम की ली क्लास!

खबर को शेयर करे :-

जहाजपुर । उपखंड अधिकारी ने 28 व 29 सितंबर को उपखंड क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाकर सरकारी सिस्टम में हड़कंप मचा दिया। दो दिन चले इस अभियान में ग्राम पंचायत से लेकर उचित मूल्य दुकान, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र और फिल्टर प्लांट तक को खंगाला गया।

उपखंड अधिकारी छत्रपाल सिंह चौधरी ने बताया कि सबसे पहले ग्राम पंचायत उलेला, उप स्वास्थ्य केन्द्र व आंगनबाड़ी की व्यवस्थाएं देखी गईं, जो संतोषजनक पाई गईं। वहीं आयुर्वेद चिकित्सालय की व्यवस्था अच्छी मिली। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत में नालियों की साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष जताते हुए SDM ने इसे और बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही पंचायत स्तरीय राजकीय कार्यालयों के आस-पास साफ-सफाई रखने तथा उनके टूट-फूट व चारदीवारी की मरम्मत के लिए अग्रिम कार्यवाही करने के निर्देश ग्राम पंचायत को दिए।

राशन दुकानों पर कसा शिकंजा

उचित मूल्य दुकानों को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद SDM ने उलेला, अमरगढ़, खजुरी और कुराड़िया की उचित मूल्य दुकानों पर दबिश दी। मौके पर राशन डीलरों से स्टॉक रजिस्टर, दस्तावेज और वितरण व्यवस्था की गहन जांच की। डीलरों को सख्त हिदायत दी गई कि दुकान के बाहर नाम का बोर्ड लगाएं, आवश्यक सूचनाएं बोर्ड पर रोज अपडेट करें, समय पर शॉप खोलें, उपलब्ध स्टॉक के दस्तावेज शॉप पर ही रखें और राशन का वितरण संवेदनशीलता व कुशलता से करें।

पानी की टंकी पर चढ़कर देखा सच

इसके बाद टीम अमरवासी स्थित फिल्टर प्लांट पर पहुंची। जहां SDM स्वयं वाटर स्टोरेज टैंक के ऊपर चढ़े और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टैंक पर जाली और ढक्कन सही नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए उसे उचित रूप से लगाने, पानी की गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी में बच्चों से लिया फीडबैक

आंगनबाड़ी केंद्र नराणा और बावड़ी के निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति कम मिलने पर कार्यकर्ताओं को फटकार लगाई। बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण पोषाहार समय पर उपलब्ध करवाने के सख्त निर्देश दिए गए। इन दो दिवसीय औचक निरीक्षण से लापरवाह कर्मचारियों और राशन डीलरों में हड़कंप मचा हुआ है।

खबर को शेयर करे :-