विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला कारागृह में पौधारोपण, परिंडे एवं कपड़े के थैलों का वितरण

खबर को शेयर करे :-

पेड़ लगाने से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मिलेगी सहायता – अभय जैन

भीलवाड़ा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों की पालना में शुक्रवार को जिला कारागृह, भीलवाड़ा परिसर में पौधारोपण, पक्षियों के लिए परिंडे लगाने तथा कपड़े के थैलों के वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जेएसजी संगिनी ग्रुप एवं जिंदल सॉ लिमिटेड के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय जैन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य, बार एसोसिएशन अध्यक्ष उम्मेद सिंह राठौड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रतिभा देवठिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन सहित अन्य अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर अभय जैन ने कहा कि अधिक से अधिक पेड़ लगाने से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलती है। उन्होंने नागरिकों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने, कपड़े के थैलों को अपनाने तथा अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में वृक्षारोपण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों से शहर हरा-भरा और स्वच्छ बनता है तथा आने वाली पीढ़ियों को बेहतर पर्यावरण मिलता है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिंदल सॉ लिमिटेड के सहयोग से एक जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह वाहन विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को निःशुल्क कपड़े के थैले वितरित करेगा तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा।

उन्होंने बताया कि जेएसजी संगिनी ग्रुप की अध्यक्ष पुष्पा गोखरू एवं मंजु पोखारना के सहयोग से पौधारोपण एवं पक्षियों के लिए परिंडे लगाने का कार्य किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने आमजन को कपड़े के थैले और परिंडे भी वितरित किए।

रश्मि आर्य ने “एक पेड़, एक उम्मीद – धरती के लिए नई जिंदगी” का संदेश देते हुए नागरिकों से वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, अधिवक्तागण, समाजसेवी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं न्यायिक विभाग के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

जिला कारागृह का त्रैमासिक निरीक्षण

विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम के उपरांत जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ विजिटर्स के सदस्यों द्वारा जिला कारागृह का त्रैमासिक निरीक्षण भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान जेलर हेमंत शर्मा से बंदियों के स्वास्थ्य, चिकित्सा सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। बोर्ड ने कारागृह के रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी बंदी के साथ जाति, धर्म, वर्ग, लिंग अथवा सामाजिक-आर्थिक आधार पर किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जा रहा है।

अभय जैन एवं बोर्ड के अन्य सदस्यों ने कारागृह परिसर, बैरकों की स्वच्छता, मरम्मत, पुताई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड