माहेश्वरी समाज को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का विजन, सभापति व महामंत्री प्रत्याशी ने रखी प्राथमिकताएं

खबर को शेयर करे :-

20 सितंबर को होने वाले अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा चुनाव को लेकर भीलवाड़ा में पत्रकार वार्ता

भीलवाड़ा,(अमित शर्मा)। अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के 20 सितंबर 2026 को होने वाले चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभापति, महामंत्री सहित विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी समाजबंधुओं से संपर्क कर अपने विजन और प्राथमिकताओं से अवगत करा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को भीलवाड़ा में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें चुनाव तैयारियों के साथ समाज के विकास और भविष्य की दिशा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

सभापति प्रत्याशी त्रिभुवन काबरा एवं महामंत्री प्रत्याशी राजकुमार काल्या ने समाज को मजबूत संगठन, पारदर्शी व्यवस्था, युवा सोच, सेवा, सहभागिता और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का विजन रखा। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए केवल चर्चाओं तक सीमित रहने के बजाय ठोस योजनाएं बनाकर उनका प्रभावी क्रियान्वयन किया जाना जरूरी है। युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने तथा प्रत्येक परिवार को आर्थिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक रूप से सक्षम बनाने पर भी जोर दिया गया।

पत्रकार वार्ता में समाज की अपनी NBFC स्थापित करने, यूनिवर्सिटी, स्कूलों की चेन और अस्पतालों की चेन विकसित करने जैसे प्रस्तावों को प्रमुखता से रखा गया। कहा गया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और वित्तीय क्षेत्र में समाज को अपनी मजबूत व्यवस्थाएं विकसित करनी चाहिए, जिससे समाज के युवाओं और परिवारों को बेहतर अवसर मिल सकें।

प्रत्याशियों ने कहा कि जिस प्रकार जैन समाज में JITO के माध्यम से व्यापार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में नेटवर्किंग और सहयोग की दिशा में कार्य किया जा रहा है, उसी तर्ज पर माहेश्वरी समाज का अपना MITO विकसित करने की दिशा में पहल होनी चाहिए। इसके माध्यम से समाज के व्यवसायियों, उद्यमियों, युवाओं और प्रतिभाओं को एक मंच पर लाकर परस्पर सहयोग और नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा सकता है।

समाज के प्रत्येक परिवार को आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने तथा हर परिवार के लिए अपने घर की छत सुनिश्चित करने जैसे विषयों को भी प्राथमिकताओं में शामिल किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी होगी, जब समाज का प्रत्येक परिवार मजबूत, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बने।

इस दौरान उद्योगपति लादू लाल बांगड़ ने चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की सराहना करते हुए कहा कि सभी प्रत्याशी समाज के विकास के लिए सकारात्मक सोच के साथ आगे आए हैं। उन्होंने कहा कि समाज के हर कार्य में सहभागिता निभाने के लिए वे सदैव तत्पर हैं और समाजहित में होने वाले प्रत्येक सकारात्मक प्रयास में अपना सहयोग देते रहेंगे। उन्होंने समाज की एकजुटता और सामूहिक सहभागिता को समाज की मजबूती का आधार बताया।

पत्रकार वार्ता में अर्थमंत्री प्रत्याशी प्रणव सोमानी, संगठन मंत्री प्रत्याशी बाबूलाल मोहता, उपसभापति प्रत्याशी पश्चिमांचल राकेश जाजू तथा संयुक्त मंत्री प्रत्याशी पश्चिमांचल मधुसूदन बिहानी भी मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भीलवाड़ा माहेश्वरी समाज के पदाधिकारी एवं समाजबंधु भी उपस्थित रहे। इस दौरान पदाधिकारियों ने प्रत्याशियों का स्वागत करते हुए समाज के विकास, एकजुटता और संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया। भीलवाड़ा पधारने पर समाजजनों ने उनका भव्य स्वागत अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में गोपाल राठी, दिलीप तोषनीवाल, श्याम समदानी, अर्चित मूंदड़ा, अरविन्द चाण्डक, अंकित सोमानी, हर्ष राठी, सचिन काबरा, रौनक कोठारी, अंकित लाखोटिया, शंशाक बिरला, श्रीलाल कोगटा, लोकेश आगाल, सुभाष बाहेती आदि शामिल थे।

प्रत्याशियों ने कहा कि 20 सितंबर को होने वाला अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा का चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन का अवसर नहीं है, बल्कि समाज की आगामी दिशा और प्राथमिकताओं को तय करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने समाजबंधुओं से सक्रिय सहभागिता के साथ समाज को मजबूत, संगठित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

खबर को शेयर करे :-