भीलवाड़ा पुलिस का एक दिवसीय विशेष अभियान, 72 अपराधी गिरफ्तार

खबर को शेयर करे :-

142 स्थानों पर 30 पुलिस टीमों ने दी दबिश, 2000 लीटर वॉश नष्ट; अवैध हथियार और शराब के मामलों में भी कार्रवाई

भीलवाड़ा। जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा आईपीएस के आदेशानुसार निकाय चुनावों को मध्यनजर रखते हुए अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए भीलवाड़ा पुलिस ने एक दिवसीय विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत एरिया डोमिनेशन के साथ जिलेभर में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 72 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय भीलवाड़ा राजेश आर्य के निर्देशन में वृत्ताधिकारियों एवं थानाधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर अभियान की कार्ययोजना तैयार की गई। इसके बाद थानेवार टास्क निर्धारित किए गए तथा दबिश के लिए विशेष पुलिस टीमों और रूट को अंतिम रूप दिया गया।

अभियान के दौरान 30 विशेष टीमों में शामिल कुल 127 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिलेभर में 142 स्थानों पर दबिश दी। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई में आबकारी एक्ट के तहत 4 प्रकरण दर्ज किए गए तथा करीब 2000 लीटर वॉश नष्ट किया गया।

48 वारंटी और वांछित अपराधी गिरफ्तार

अभियान के दौरान स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी, गिरफ्तारी वारंट तथा धारा 299 दंड प्रक्रिया संहिता एवं धारा 335 बीएनएसएस से संबंधित कुल 48 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं एचएस, हार्डकोर एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

लूट और डकैती जैसे जघन्य अपराधों में वांछित 1 अपराधी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके अलावा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 170 एवं 129 बीएनएसएस के तहत 25 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

अवैध हथियारों पर भी शिकंजा

अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ भी कार्रवाई की। आर्म्स एक्ट के तहत 2 प्रकरण दर्ज कर 2 अवैध धारदार चाकू बरामद किए गए।

पुलिस की इस कार्रवाई को निकाय चुनावों के मद्देनजर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा जिले में सक्रिय वांछित एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिलेभर में एक साथ की गई कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप की स्थिति रही।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड