मांडल/भीलवाड़ा। मांडल विधायक उदयलाल भडाणा ने भगवान देवनारायण मंदिर के पट खुलने तक अपना जन्मदिन नहीं मनाने की घोषणा की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि मंदिर के पट खुलने तक उनके जन्मदिन से जुड़ा कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाए। विधायक ने इसे अपने धार्मिक संकल्प का हिस्सा बताया है।
विधायक भडाणा 5 जुलाई से अपनी धार्मिक यात्रा की शुरुआत करेंगे। यात्रा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के वृंदावन स्थित श्री श्री 1008 खड़ेश्वर जी महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना और संतों का आशीर्वाद लेकर किया जाएगा। इसके बाद वे भगवान देवनारायण मंदिर के पट खुलने की कामना के साथ देशभर के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा पर निकलेंगे।
भाजपा युवा नेता कमलेश सिंह गुड़ा ने बताया कि यात्रा के दौरान विधायक उदयलाल भडाणा चार धाम, 12 ज्योतिर्लिंग सहित देश के 108 प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन करेंगे। इस दौरान विभिन्न तीर्थों से पवित्र मिट्टी और जल संग्रहित किया जाएगा, जिसे मांडल विधानसभा क्षेत्र के करेड़ा मंडल स्थित जगदीश भगवान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के दौरान अर्पित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस धार्मिक अभियान के अंतर्गत क्षेत्र में 108 भागवत कथाओं के आयोजन का भी संकल्प लिया गया है, जिसका उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है।
पहले भी ले चुके हैं कई धार्मिक संकल्पगौरतलब है कि विधायक उदयलाल भडाणा इससे पहले भी भगवान देवनारायण मंदिर के पट खुलवाने को लेकर कई धार्मिक संकल्प ले चुके हैं। उनके अनुसार, मंदिर के पट खुलने तक वे भोजन नहीं करेंगे, जूते नहीं पहनेंगे, बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे तथा साफा भी धारण नहीं करेंगे। अब उन्होंने अपने इस संकल्प में जन्मदिन नहीं मनाने का निर्णय भी शामिल कर लिया है।
विधायक ने कहा कि उनकी धार्मिक यात्रा भगवान देवनारायण के प्रति आस्था और मंदिर के पट खुलने की प्रार्थना के उद्देश्य से समर्पित रहेगी।
