भीलवाड़ा। शहर की संजय कॉलोनी में लंबे समय से बनी हुई पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर बुधवार को निवर्तमान महापौर राकेश पाठक के नेतृत्व में क्षेत्रीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड 35, 36, 48 और 59 में जलापूर्ति से जुड़ी परेशानियों सहित अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि संजय कॉलोनी क्षेत्र में लंबे समय से पानी की अनियमित सप्लाई और कम दबाव की समस्या बनी हुई है, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर गर्मी के मौसम में हालात और गंभीर हो जाते हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाने तथा जल भंडारण क्षमता बढ़ाने की मांग रखी गई।
निवर्तमान महापौर राकेश पाठक ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के माध्यम से जल्द प्रभावी कार्ययोजना बनाकर क्षेत्रवासियों को राहत दी जाए। इसके अलावा क्षेत्र की सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान आकर्षित कराया गया।
प्रतिनिधिमंडल में वार्ड 35 से कैलाश, वार्ड 36 से पार्षद सुशीला जैन, वार्ड 48 से सागर पाण्डे, वार्ड 59 से बादाम देवी माली, राजेंद्र जैन एवं दौलत माली सहित कई क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
जिला कलेक्टर ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके का तकनीकी निरीक्षण कर शीघ्र समाधान की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आमजन से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा।
