नर्सिंग कॉलेजों की मनमानी के खिलाफ NSUI का अनोखा प्रदर्शन, दंडवत करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। जिले में निजी नर्सिंग कॉलेजों की कथित अनियमितताओं और विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर NSUI ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश सचिव अजय खोईवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और नर्सिंग विद्यार्थियों ने मुखर्जी उद्यान से कलेक्ट्रेट तक दंडवत प्रणाम करते हुए मार्च निकाला और अतिरिक्त जिला कलेक्टर के माध्यम से चिकित्सा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

छात्रसंघ सचिव लोकेश बसिटा ने बताया कि जिले के कई निजी नर्सिंग कॉलेजों में आवश्यक एनओसी (NOC) एवं अन्य वैधानिक अनुमतियों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, जिससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य संकट में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

छात्र नेता विजेश चंदेल ने कहा कि यदि बिना आवश्यक मान्यता और स्वीकृतियों के कॉलेजों में पढ़ाई कराई जा रही है तो इससे विद्यार्थियों की डिग्री, सरकारी भर्ती, पंजीकरण और रोजगार पर गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।

प्रदेश सचिव अजय खोईवाल ने कहा कि NSUI किसी भी विद्यार्थी के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि जल्द ही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन करेगा।

प्रमुख मांगें

  • जिन नर्सिंग कॉलेजों के पास आवश्यक NOC एवं वैधानिक अनुमतियां नहीं हैं, उनकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
  • जिले के सभी नर्सिंग कॉलेजों की NOC एवं मान्यता संबंधी जानकारी सार्वजनिक की जाए।
  • विद्यार्थियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक वैधानिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
  • परीक्षा परिणाम समय पर जारी किए जाएं तथा री-टोटलिंग एवं सुधार का उचित अवसर दिया जाए।
  • नर्सिंग शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष रितेश गुर्जर, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष बनवारी गाडरी, प्रदेश सचिव पूरण गाडरी, दीपक रेगर, प्रभु प्रजापत, अमरचंद जाट, प्रवीण बिश्नोई, अर्जुन खटीक, दीपक मेघवंशी, दिलकुश, अंकित, राहुल, दिनेश, लोकेश, आर्यन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड