भीलवाड़ा। कोली समाज विकास ट्रस्ट, भीलवाड़ा की ओर से आयोजित सावन महोत्सव के तहत चौथे सोमवार को बढ़लेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का विशेष बर्फानी बाबा श्रृंगार किया गया। बर्फ से सजे शिवलिंग के मनमोहक स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
ट्रस्ट के सचिव मुरलीधर लोरवाडिया ने बताया कि सावन माह के प्रत्येक सोमवार को बढ़लेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का विशेष श्रृंगार एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चौथे सोमवार को भगवान शिव का बर्फानी बाबा के रूप में विशेष श्रृंगार किया गया।
इस अवसर पर राधा कीर्तन रामधुनी मंडल, रामदेव मंदिर एवं कोली मोहल्ला मंडली की ओर से फतह लाल फतेहपुरिया के नेतृत्व में अखंड ॐ नमः शिवाय जाप किया गया। अखंड जाप से मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए।
बढ़लेश्वर महादेव मंदिर के पंडित रामचंद्र मंडिया ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन एवं अभिषेक करवाया। इसके पश्चात महाआरती का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में जमना लाल खंडवाल, मोतीलाल आमेरिया, सेवंती लाल, गणेश, निर्मल सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण बना रहा।
