शाहपुरा में निर्माणाधीन पैनोरमा का निरीक्षण, ओंकार सिंह लखावत ने दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश

खबर को शेयर करे :-

केसरी सिंह बारहठ और रामस्नेही पैनोरमा कार्यों की समीक्षा, महाराणा प्रताप स्मारक पर भी अर्पित की पुष्पांजलि

शाहपुरा (भीलवाड़ा)। राजस्थान सरकार धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने बुधवार को शाहपुरा में निर्माणाधीन केसरी सिंह बारहठ पैनोरमा एवं रामस्नेही पैनोरमा का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों, इंजीनियरों एवं ठेकेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लखावत ने केसरी सिंह बारहठ पैनोरमा के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना में ए-क्लास गुणवत्ता का सूरसागर (जोधपुर) का पत्थर उपयोग किया जाए। साथ ही फ्लोरिंग और सीलिंग का कार्य भी उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य में देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत दी।

रामस्नेही पैनोरमा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मुख्य भवन का कार्य वर्षा ऋतु से पूर्व निर्धारित स्तर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी एवं कैलाश सिंह जाड़ावत ने पैनोरमा परिसर में उच्च गुणवत्ता वाले वृक्षारोपण की जिम्मेदारी लेने की बात कही।

महाराणा प्रताप स्मारक पर किया नमन

जयपुर लौटने से पूर्व ओंकार सिंह लखावत ने शाहपुरा स्थित महाराणा प्रताप स्मारक पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों को एक सर्किट के रूप में विकसित करने का कार्य किया जा रहा है। इससे नई पीढ़ी को गौरवशाली इतिहास से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी, कैलाश सिंह जाड़ावत, राजू सोलंकी, युवराज सोनी, पवन कुमार शर्मा, शहीद प्रताप सिंह बारहठ सेवा संस्थान के सदस्य, निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिक, इंजीनियर राजावत सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड