जोधपुर/भीलवाड़ा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जोधपुर में सेन समाज के परम आराध्य एवं धर्मगुरु श्री श्री 1008 स्वामी अचलानंद गिरीजी महाराज (सैनाचार्य) के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को भीलवाड़ा में आयोजित होने वाले ‘श्री सेन महाकुंभ’ के भव्य आमंत्रण पोस्टर का विमोचन किया गया।
इस अवसर पर भीलवाड़ा से सुरेश कुमार सेन कटार के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सैनाचार्य श्री के चरणों में वंदन कर गुरु पूजन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद सैनाचार्य श्री के कर-कमलों द्वारा ‘श्री सेन महाकुंभ’ के आमंत्रण पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया।
आयोजकों ने बताया कि वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में आयोजित होने वाले इस ऐतिहासिक महाकुंभ का उद्देश्य देशभर के सेन समाज को एक मंच पर एकत्रित कर समाज के सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक पहल करना है। महाकुंभ में देशभर से संत-महात्मा, समाज के प्रबुद्धजन, उद्योगपति, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम में सुभाष गोठड़िया (सेन विकास पत्रिका, जयपुर), भगतजी सेन (भीलवाड़ा), सुरेश कुमार सेन (कुंडिया), कंचन देवी सेन (पुष्कर), नेमीचंद सेन (बाड़मेर) तथा लीला जी सेन (कटार) सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।
