विधायक अशोक कोठारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा और विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के पदाधिकारियों ने विभिन्न धार्मिक आयोजनों में की शिरकत, गुरुजनों का लिया आशीर्वाद
भीलवाड़ा। गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व बुधवार को शहर के विभिन्न आश्रमों, मठों एवं मंदिरों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। गुरु पूजन, हवन, भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान एवं महाप्रसादी के आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।

हरि सेवा धाम में महामंडलेश्वर हंसराम जी महाराज का आशीर्वाद, विधायक ने पढ़ा मुख्यमंत्री का संदेश
हरि सेवा धाम उदासीन आश्रम में महामंडलेश्वर हंसराम जी महाराज के सान्निध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धापूर्वक आयोजित हुआ। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने आश्रम पहुंचकर महामंडलेश्वर हंसराम जी महाराज का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गुरु पूर्णिमा संदेश श्रद्धालुओं को सुनाया। उन्होंने धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण का संदेश देते हुए क्षेत्रवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। विधायक ने श्री सद्गुरु आश्रम कोटड़ी, गोवत्स श्री लालजी महाराज आश्रम, विनायक विद्यापीठ भूणास सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर भी पहुंचकर गुरुजनों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

संकटमोचन हनुमान मंदिर में गुरु पूजन के लिए दिनभर उमड़े श्रद्धालु
मुख्य डाकघर के सामने स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर में महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज की पूजा-अर्चना के लिए सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। गुरु पूजन सुबह 9:15 बजे प्रारंभ हुआ। मंदिर में संकटमोचन बालाजी का विशेष श्रृंगार किया गया तथा विधि-विधान से गुरु पूजन सम्पन्न हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा एवं उपखंड अधिकारी प्रमोद सिरवी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का शुभकामना संदेश एवं गुरु दक्षिणा उपहार लेकर पहुंचे और गुरुचरणों में समर्पित किया। मंदिर ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन भी किया गया।

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल ने किया संतों का सम्मान
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के प्रांत, विभाग एवं महानगर पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न संतों, महंतों एवं आचार्यों का भगवा उपरना एवं शाल ओढ़ाकर गुरु पूजन किया। महानगर प्रचार-प्रसार प्रमुख विराट सोनी ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने स्थानीय संतों से भेंट कर गुरु-शिष्य परंपरा, आध्यात्मिक मूल्यों तथा धर्म, समाज और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान महामंडलेश्वर हंसराम जी महाराज, महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज, स्वामी रामदयाल जी महाराज, दिगंबर जैन संत पुलक सागर जी महाराज सहित शहर के विभिन्न मंदिरों, आश्रमों, गुरुद्वारा साहिब एवं धार्मिक स्थलों के संत-महात्माओं का सम्मान कर आशीर्वाद लिया। विश्व हिंदू परिषद ने समाज में ज्ञान, संस्कार और विवेक का प्रकाश फैलाने वाले सभी गुरुजनों को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

छोबावड़ी रत्नेश्वर महादेव मठ में हवन, गुरुचरण पूजन और महाप्रसादी
रेलवे स्टेशन के समीप स्थित श्री छोबावड़ी सगस जी रत्नेश्वर महादेव मठ में दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। श्री महंत साध्वी देवगिरी ने बताया कि प्रथम दिवस भव्य भजन संध्या आयोजित हुई, जबकि दूसरे दिन हवन, गुरुचरण पूजन, समाधि पूजन एवं महाप्रसादी का आयोजन किया गया। उन्होंने गुरु को जीवन का सच्चा मार्गदर्शक बताते हुए सभी श्रद्धालुओं से गुरुजनों के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

खड़ेश्वरी महाराज एवं नीलकंठ महादेव मंदिर में भी हुआ गुरु वंदन
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस क्रम में परम पूज्य श्री श्री 1008 खड़ेश्वरी जी महाराज मंदिर में दर्शन किए गए। इसके पश्चात मांडल स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर महंत श्री दीपक पुरी जी महाराज का वंदन कर उनका आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने गुरुजनों से समाज में धर्म, संस्कृति एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का आशीर्वाद प्राप्त किया।
