संतों के सानिध्य में गौ सेवा रथ का उद्घाटन, घायल गोवंश को मिलेगी उपचार की सुविधा

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। श्री राम गौ सेवा समिति की ओर से गौ माता एवं घायल-बोमार गोवंश की सेवा के लिए तैयार किए गए गौ सेवा रथ (एम्बुलेंस) का उद्घाटन एवं पूजन समारोह रविवार को टंकी के बालाजी मंदिर में संतों के सानिध्य एवं आशीर्वाद के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।

समारोह में संतों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर गौ सेवा रथ का शुभारंभ किया। संतों ने समिति के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए गौसेवकों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में गौसेवकों, भामाशाहों, श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समिति के अनुसार, यह गौ सेवा रथ आमजन एवं भामाशाहों के सहयोग से संचालित किया जाएगा। इसके माध्यम से दुर्घटना, बीमारी अथवा अन्य कारणों से घायल एवं बीमार गौ माता और नंदी महाराज को समय पर उपचार उपलब्ध कराने तथा सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

समिति के राम लखन ने संतों, भामाशाहों, सहयोगकर्ताओं, गौसेवकों एवं शहरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गौ सेवा रथ गोवंश की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेगा और समाज के सहयोग से गौ सेवा के इस अभियान को और मजबूती दी जाएगी।

समारोह में मौजूद श्रद्धालुओं एवं गौप्रेमियों ने गौ सेवा रथ का स्वागत करते हुए समिति के सेवा संकल्प की सराहना की तथा भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

खबर को शेयर करे :-