भीलवाड़ा। कोली समाज विकास ट्रस्ट, भीलवाड़ा की ओर से भादवा बीज के पावन अवसर पर बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में समाज के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा के दौरान उस्ताद बुद्धि प्रकाश छापरिया के नेतृत्व में युवाओं ने हैरतअंगेज शारीरिक कौशल का प्रदर्शन कर सभी को रोमांचित कर दिया। युवाओं द्वारा नाक के नीचे आलू एवं नींबू काटना, सिर पर किले की पट्टियां रखकर नारियल फोड़ना सहित विभिन्न साहसिक करतब प्रस्तुत किए गए। इन प्रदर्शनों को देखकर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
इसके पश्चात भादवा एकम की रात्रि को पंचायत भवन, कोली मोहल्ला में भव्य रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। रात्रि जागरण में प्रसिद्ध भजन सम्राट धर्मेंद्र गावड़ी एवं भजन सम्राट प्रेमचंद गुर्जर ने अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उन्होंने “महन्न घोड़लियो मंगवा दे”, “कीर्तन की है आज रात, बाबा आज थाने आनो है”, “मरुधर में ज्योत जला गयो” एवं “जगदम्बा लाज रखियो” सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति दी, जिन पर महिलाएं एवं श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नृत्य करते रहे।
इस दौरान नारायण लाल सोलंकी ने भगवान कृष्ण, कालिका माता एवं बालाजी महाराज की आकर्षक नृत्य झांकियां प्रस्तुत कर भक्तों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में पंडित रूपलाल लोरवाड़िया द्वारा विधिवत आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को कांसे एवं नूगती का प्रसाद वितरित किया गया।
शोभायात्रा एवं कार्यक्रम में अध्यक्ष ओमप्रकाश सुनारिया, भेरूलाल लोरवाड़िया, बालूलाल, डालचंद, मोतीसिंह, चंपालाल, देवी लाल, सेवंतीलाल, राकेश, सोनू, सुनील, सुरेश, कैलाश, मोतीलाल, किशन सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
झलकारी बाई महिला मंडल की ओर से अंजना, जानकी, अंतिमा, राजेश्वरी, सुनीता, पूजा, दुर्गा, रेखा, संगीता, अजय, मुक्तेश्वरी सहित अनेक महिलाओं ने शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।
कोली समाज विकास ट्रस्ट के सचिव मुरलीधर लोरवाड़िया ने बताया कि समाज की ओर से बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव के अवसर पर प्रतिवर्ष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, एकता एवं धार्मिक भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के सभी पदाधिकारियों, युवाओं, महिला मंडल एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।
कोली समाज ने भादवा बीज पर निकाली रामदेव जी की भव्य शोभायात्रा, युवाओं ने दिखाए हैरतअंगेज शारीरिक कौशल, रात्रि जागरण में भजनों पर झूमे श्रद्धालु
