भीलवाड़ा। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के 17 प्रत्याशियों के सिंबल निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नहीं पहुंचने को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मनोज पालीवाल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र भेजकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पालीवाल ने मामले में राष्ट्रीय स्तर पर जांच कमेटी गठित कर जिम्मेदारी तय करने और कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में पालीवाल ने आरोप लगाया कि नगर निगम चुनाव के लिए 70 प्रत्याशियों के चयन हेतु ऑनलाइन फॉर्म भरवाए गए थे और प्रदेश प्रभारी को भेजकर प्रत्याशियों के पैनल भी तैयार किए गए थे। विभिन्न नेताओं से चर्चा के बाद 31 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशियों के सिंबल जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए जाने थे, लेकिन उनके अनुसार प्रदेश अध्यक्ष की ओर से केवल 53 प्रत्याशियों के सिंबल ही दिए गए। 17 प्रत्याशियों के सिंबल नहीं पहुंचने से वे चुनावी मैदान से बाहर हो गए। पालीवाल ने इसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भेदभाव और पार्टी को हुई बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि आगामी स्थानीय निकाय एवं पंचायत राज चुनावों को देखते हुए मामले की गंभीरता से जांच जरूरी है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के खिलाफ जांच कराकर जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
