मंगरोप – मुकेश खटीक |
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा-चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मंगरोप और पुर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित संगम स्कूल के पास कानोली चौराहे के निकट दो ट्रेलरों की आमने-सामने नहीं, बल्कि पीछे से हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक ट्रेलर की केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे जोधपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहे एक ट्रेलर के पीछे तेज रफ्तार से आ रहे दूसरे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पीछे वाले ट्रेलर की केबिन आगे चल रहे ट्रेलर में बुरी तरह घुस गई। हादसे के समय ट्रेलर में चालक अकेला था, जो केबिन में बुरी तरह फंस गया और गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे फागणा का खेड़ा निवासी दिनेश गुर्जर ने तत्काल पुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
चालक का शव केबिन में बुरी तरह फंसा होने के कारण उसे निकालने के लिए क्रेन की सहायता ली गई। पुलिस की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटाने और शव बाहर निकालने की कार्रवाई की गई।
फिलहाल मृत चालक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और पीछे से हुई लापरवाहीपूर्ण टक्कर माना जा रहा है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कराया गया।
