भीलवाड़ा। रायला में रेलवे द्वारा बंद किए गए रास्तों को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल सुलझ गया है। जिला कलेक्टर के निर्देश पर शुक्रवार को जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों, एसडीएम और तहसीलदार की मौजूदगी में हुई वार्ता के बाद स्टेशन खेड़ा, रायला की सभी बंद गलियों को खोल दिया गया।रेलवे की दीवार निर्माण के कारण स्टेशन खेड़ा क्षेत्र के लोगों का आवागमन बाधित हो गया था। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी थी और उन्होंने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए उग्र आंदोलन, भूख हड़ताल और पंचायती राज चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहल की। कलेक्टर के निर्देशानुसार जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हुई बैठक में समाधान पर सहमति बनी। इसके बाद स्टेशन खेड़ा की सभी गलियों को खोल दिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में रेलवे परियोजना से जुड़े कार्यों में स्थानीय लोगों की सुविधा और आवाजाही का पूरा ध्यान रखा जाएगा तथा किसी भी निर्णय से पहले जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा।
