भीलवाड़ा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की मांग के अनुसार विद्यालयों के समय में फिलहाल कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। विद्यालयों का समय 15 अक्टूबर तक पूर्व की भांति यथावत रहेगा।
संगठन की ओर से विद्यालय समय में परिवर्तन नहीं किए जाने को लेकर लगातार शिक्षा विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर मांग रखी जा रही थी। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा एवं प्रदेश महामंत्री महेंद्र लखारा ने शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक से मुलाकात कर वर्तमान मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए विद्यालय समय में परिवर्तन नहीं करने का आग्रह किया था।
इसी क्रम में बीकानेर में संगठन के प्रदेश सचिव रवि आचार्य ने शिक्षा निदेशक से मुलाकात कर विद्यालय समय को लेकर संगठन की मांग को पुनः प्रमुखता से रखा।
जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र बड़वा ने बताया कि संगठन के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप विद्यालय समय को 15 अक्टूबर तक पूर्ववत रखने का निर्णय हुआ है। संगठन ने इस निर्णय के लिए शिक्षा मंत्री एवं शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त किया है।
जिला मंत्री ईश्वर सिंह चौधरी ने कहा कि संगठन शिक्षक एवं शिक्षा हित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ सरकार और शिक्षा विभाग के समक्ष रखता रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन आगे भी लगातार प्रयास करता रहेगा।
