20 नवंबर को मेडिसिटी ग्राउंड पर होगा भव्य आयोजन, 17 नवंबर से शुरू होंगे महोत्सव के कार्यक्रम
भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा में 20 नवंबर को आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर आयोजित होने जा रहे 16108 श्री तुलसी शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। महोत्सव के तहत बुधवार को मंगल लग्न पत्रिका लेखन का धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें भगवान चारभुजानाथ को विवाह समारोह में बारात लेकर पधारने का भावपूर्ण आमंत्रण दिया गया।
सकल सनातन परिवार की प्रेरणा से श्री तुलसी शालिग्राम विवाह समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस भव्य महोत्सव की मंगल लग्न पत्रिका का लेखन आयोजन के सूत्रधार श्री विष्णु कृष्ण तनय महाराज के सानिध्य में किया गया। इसके बाद यजमान परिवारों एवं समिति सदस्यों ने भीलवाड़ा सहित विभिन्न मंदिरों में विराजित भगवान चारभुजानाथ को पत्रिका समर्पित कर विवाह में बारात लेकर पधारने की विनती की।
राजाधिराज मेवाड़ धणी श्री गढ़बोर चारभुजानाथ को मंगल लग्न पत्रिका भेंट कर आमंत्रित करने के लिए यजमान राधेश्याम रितेश चेचाणी परिवार एवं मुख्य आयोजन समिति के सदस्य 21 वाहनों के काफिले के साथ रवाना होंगे।
इसी क्रम में भीलवाड़ा के बड़े चारभुजाजी मंदिर में यजमान रामप्रकाश मनीष बहेड़िया परिवार, दूदाधारी गोपाल मंदिर में यजमान घनश्याम, मुकेश एवं राकेश सेठिया परिवार, संजय कॉलोनी चारभुजा मंदिर में यजमान सत्यनारायण दिनेश ईनाणी परिवार तथा मांडल स्थित शेषसहाय चारभुजा मंदिर में यजमान कैलाश तोतला परिवार ने श्रद्धालुओं के साथ मंगल लग्न पत्रिका समर्पित कर प्रभु को बारात लेकर पधारने का निमंत्रण दिया।
11 नवंबर को अन्य मंदिरों में भी देंगे आमंत्रण
आयोजन समिति के संयोजक एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि 11 नवंबर को सांवरिया सेठ नौगांवा सहित चारभुजाजी मंदिर सुभाषनगर, गायत्रीनगर, पटेलनगर एवं सांगानेर में भी मंगल लग्न पत्रिका भेंट कर भगवान को बारात लेकर पधारने का निवेदन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि दीपावली पर्व को देखते हुए पंजीयन की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद भी श्रद्धालुओं के आग्रह पर श्री तुलसीजी के धर्म माता-पिता बनने के इच्छुक दंपतियों का पंजीयन जारी रखा गया है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं से तन-मन-धन से सहयोग करने तथा अपने परिजनों, मित्रों एवं समाजजनों को इस ऐतिहासिक महोत्सव से जोड़ने का आह्वान किया।
17 नवंबर से शुरू होंगे धार्मिक आयोजन
गग्गड़ ने बताया कि महोत्सव के कार्यक्रम 17 नवंबर से प्रारंभ होंगे। 17 से 19 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 से 4 बजे तक मेडिसिटी ग्राउंड में रुक्मिणी मंगल कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन आयोजन के सूत्रधार श्री विष्णु कृष्ण तनय महाराज करेंगे।
उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा में पहली बार आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक एवं स्वर्णिम धार्मिक अवसर से कोई भी श्रद्धालु वंचित नहीं रहे। इसके लिए धर्म माता-पिता बनने के इच्छुक दंपतियों को शीघ्र पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
ये रहे उपस्थित
मंगल लग्न पत्रिका लेखन कार्यक्रम में आयोजन समिति अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी, राजेंद्र कचोलिया, एस.एन. गग्गड़, दिनेश विजयवर्गीय, कैलाश काबरा, हेमेंद्र शर्मा, श्यामसुंदर नोलखा, आचार्य योगेंद्र शर्मा, रजनीकांत आचार्य, छगनलाल जैन, हनुमान अग्रवाल, गोपीकिशन पाटोदिया, जी.एल. गुप्ता, कमलेश सोडानी, सीए बी.बी. गुप्ता, रामपाल असावा, अलका जोशी, कौशल्या भाटिया, प्रियंका काबरा, नंदकिशोर जोशी, रमेश त्रिवेदी, प्रेमप्रकाश शर्मा, जगदीश वैष्णव, दुर्गालाल जोशी, गोविंद भाटिया, संजय प्रताप पारीक, सुरेश जोशी, केशव पुरोहित, अनिल टेलर, श्याम झंवर, अनिल पारीक, गायत्री टेलर, मंजू तंबोली, पुरुषोत्तम काकानी, हेमराज टेलर, मंजू पोखरना, राजेंद्र गंदोडिया, राकेश दरक, देवीलाल तोषनीवाल, कैलाश राठी, जगदीशचंद्र हेड़ा, सत्यनारायण मूंदड़ा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
