स्वाधीनता दिवस समारोह में सुभाष नगर विद्यालय का शानदार प्रदर्शन, डांस में प्रथम और बैंड में द्वितीय स्थान

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। पुलिस लाइन मैदान में आयोजित 80वें जिला स्तरीय स्वाधीनता दिवस समारोह में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सुभाष नगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो विधाओं में स्थान हासिल किया। विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम तथा बैंड प्रदर्शन में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य उर्मिला जोशी ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय की 125 छात्राओं ने भाग लिया। प्रभारी मीनाक्षी शर्मा एवं मधु लड्ढा के निर्देशन में तैयार किए गए नृत्य की छात्राओं ने शानदार प्रस्तुति दी, जिसे समारोह में मौजूद दर्शकों ने खूब सराहा।

वहीं, संगीता व्यास एवं मंजू शर्मा के निर्देशन में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बैंड वादन एवं घोष का गरिमामय और उच्चस्तरीय प्रदर्शन किया। इस प्रस्तुति को जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ।

विद्यालय की इस उपलब्धि में सुमन सुवालका, कौशल्या राव, महावीर जीनगर, रामेश्वर लाल शर्मा एवं नीलम परिहार का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

विद्यालय परिवार ने छात्राओं और सभी मार्गदर्शक शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

खबर को शेयर करे :-