23 पदक जीतकर भीलवाड़ा के स्केटर्स ने राजस्थान में लहराया परचम, विधायक कोठारी से की मुलाकात

खबर को शेयर करे :-

पटेल नगर स्थित राष्ट्रीय स्तर के स्केटिंग ट्रैक को स्थायी रूप से संचालित करने की मांग, बेंगलुरु में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे जिले के छह खिलाड़ी

भीलवाड़ा, 18 नवंबर। रोलर स्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की राज्य स्तरीय स्केटिंग चैंपियनशिप में भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया। जिले के स्केटर्स ने प्रतियोगिता में 6 स्वर्ण, 11 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 23 पदक जीतकर भीलवाड़ा का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि के बाद स्केटिंग खिलाड़ियों एवं अभिभावकों के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक अशोक कुमार कोठारी से मुलाकात कर पटेल नगर स्थित राष्ट्रीय स्तर के स्केटिंग ट्रैक को नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षण के लिए स्थायी रूप से उपलब्ध कराने की मांग रखी।

प्रतिनिधिमंडल ने विधायक कोठारी को बताया कि नगर विकास न्यास की ओर से पटेल नगर में लाखों रुपये की लागत से राष्ट्रीय स्तर का स्केटिंग ट्रैक विकसित किया गया है। इस ट्रैक के निर्माण से शहर एवं जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिली हैं। इसी का परिणाम है कि भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में पहला स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के करीब 540 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि 11 से 14 नवंबर तक जयपुर में आयोजित राजस्थान स्केटिंग फेडरेशन की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब जिले के छह खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खिलाड़ियों की मांग पर विधायक अशोक कुमार कोठारी ने तत्काल नगर विकास न्यास के सचिव से फोन पर बात कर स्केटिंग ट्रैक को नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षण के लिए स्थायी रूप से उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ट्रैक के नियमित संचालन और स्थायी व्यवस्था के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

बेंगलुरु में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे छह खिलाड़ी

आगामी 5 से 15 दिसंबर तक बेंगलुरु में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की स्केटिंग प्रतियोगिता में भीलवाड़ा के छह खिलाड़ी अनुज मेवाड़ा, दिया अग्रवाल, भव्या लाहोटी, शौर्यव्रत सिंह चावड़ा, आर्विग मालू एवं त्वष्ठा विश्नोई भाग लेंगे।

इन खिलाड़ियों ने जीते पदक

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में आर्विग मालू ने 2 स्वर्ण एवं 1 रजत, अनुज मेवाड़ा ने 1 स्वर्ण एवं 2 रजत, त्वष्ठा विश्नोई ने 1 स्वर्ण एवं 2 रजत, भव्या लाहोटी ने 1 स्वर्ण एवं 2 रजत, शौर्यव्रत सिंह चावड़ा ने 1 स्वर्ण एवं 1 रजत तथा दिया अग्रवाल ने 2 रजत एवं 2 कांस्य पदक हासिल किए।

इनके अलावा लवित्रा ने 1 रजत एवं 1 कांस्य, जबकि सौरिश, कनिष्क एवं सैवी समदानी ने कांस्य पदक जीतकर जिले की सफलता में योगदान दिया।

खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता : कोठारी

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने सभी खिलाड़ियों को सद् साहित्य भेंट कर उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी तथा आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को उचित मंच, संसाधन और नियमित अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से जिले को गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने खिलाड़ियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित पहल करने पर विधायक कोठारी का आभार व्यक्त किया।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड