श्रद्धा, आस्था और भक्ति की त्रिवेणी में सराबोर हुआ भीलवाड़ा, रुक्मणी मंगल कथा सुनने उमड़े हजारों श्रद्धालु

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। शहर में आयोजित 16108 श्री तुलसी-शालिग्रामजी विवाह महामहोत्सव के तहत मंगलवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। रुक्मणी मंगल कथा के श्रवण के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय माहौल बना रहा। तुलसी महारानीजी और ठाकुरजी के विवाह उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया।

हंसाराम महाराज ने आयोजन समिति की सराहना की

कथा के दौरान उदासीन आश्रम के महामंडलेश्वर हंसाराम महाराज ने व्यास पीठ का अभिनंदन किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि भीलवाड़ा 16108 तुलसी का शालिग्रामजी के साथ विवाह करवाकर भक्ति एवं श्रद्धा का नया इतिहास रचने जा रहा है। नेपाल से इतनी बड़ी संख्या में शालिग्रामजी के विग्रह यहां लाकर विवाह आयोजित करने की पहल साधुवाद की पात्र है।

उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि मेवाड़ धणी गढ़बोर चारभुजानाथ ठाकुरजी बारात लेकर भीलवाड़ा पधार रहे हैं। तुलसी-शालिग्रामजी के इतने भव्य विवाह आयोजन का साक्षी बनने का अवसर मिलना अपने आप में सौभाग्य की बात है।

दूसरे दिन की कथा विश्राम पर व्यास पीठ का स्वागत एवं अभिनंदन करने वालों में प्रधान कथा यजमान बालूलाल पोरवाल बड़लियास, कैलाश लाखोटिया परिवार, शकुन्तला चेचाणी एवं पंडित अशोक व्यास सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे। कथा के अंत में हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव के साथ व्यास पीठ की आरती की। मुख्य आचार्य योगेन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में डॉ. हंसा व्यास ने मंच संचालन किया।

महारास और संगीत संध्या में झूमे श्रद्धालु

विवाह महामहोत्सव के तहत मंगलवार रात 8 बजे से महारास एवं संगीत संध्या का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान प्रेम और भक्ति से ओतप्रोत अनुपम नजारा देखने को मिला। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पारंपरिक वेशभूषा में महारास में भाग लिया और तुलसी महारानीजी एवं ठाकुरजी के विवाह के उल्लास में जमकर नृत्य किया।

महारास का विशेष आकर्षण कोटा से आमंत्रित राधा-कृष्ण समूह की प्रस्तुति रही। समूह के कलाकारों ने राजस्थानी वेशभूषा में सामूहिक घूमर एवं महारास की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। राजस्थानी फिल्म कलाकार अशोक जोशी ने भी प्रस्तुति दी, जिनका मंच पर सम्मान किया गया। भीलवाड़ा के स्थानीय कलाकारों ने भजनों एवं गीतों के माध्यम से ठाकुरजी की भक्ति की।

गढ़बोर चारभुजानाथ की बारात के स्वागत की तैयारियां पूरी

आयोजन समिति के संयोजक डॉ. एस.एन. गग्गड़ ने बताया कि गढ़बोर चारभुजानाथ से बारात लेकर पधार रहे ठाकुरजी एवं बारातियों के स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बारात का प्रथम स्वागत आयोजन समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष छगनलाल जैन के निर्देशन में पंचमुखी बालाजी मंदिर पर किया जाएगा।

समिति के उपाध्यक्ष हनुमान अग्रवाल ने बताया कि बारात का बिलिया में भी श्रद्धालु परिवारों की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद बारात विश्राम स्थल आजादनगर स्थित आनंदम भवन पहुंचेगी।

गुरुवार को भात मनोरथ और रुक्मणी मंगल कथा

आयोजन के तहत गुरुवार सुबह 10 बजे से मेडिसिटी ग्राउंड पर भात मनोरथ का आयोजन होगा। इसके बाद दोपहर 1 से 4 बजे तक रुक्मणी मंगल कथा होगी। कथा स्थल पर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आयोजन समिति के गोविन्द भाटिया, रमेश त्रिपाठी, परमेश्वर पाराशर सहित अनेक कार्यकर्ता समर्पित भाव से व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

तुलसी-शालिग्रामजी के इस ऐतिहासिक विवाह महामहोत्सव को लेकर शहर में उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। गढ़बोर चारभुजानाथ की बारात के आगमन को लेकर श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड