नगर निगम कार्यालय में 15 जुलाई तक आयोजित होंगे शिविर, लीज, पट्टे एवं नियमन संबंधी मामलों का होगा निस्तारण
भीलवाड़ा। नगर निगम भीलवाड़ा द्वारा राज्य सरकार के निर्देशानुसार 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक विशेष शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से आमजन से जुड़े विभिन्न मामलों का त्वरित निस्तारण करते हुए राज्य सरकार द्वारा घोषित छूट एवं राहत का लाभ प्रदान किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को विभिन्न प्रशासनिक एवं नगरीय सेवाओं में राहत प्रदान करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम भीलवाड़ा द्वारा नगर निगम कार्यालय के मीटिंग हॉल में शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शिविरों के दौरान लीज राशि में विशेष छूट, धारा 69-ए के तहत पट्टे जारी करना, कब्जाशुदा भूमि का नियमन, लघु अवधि लीज एवं किराए पर दी गई संपत्तियों का फ्री होल्ड पट्टा जारी करना तथा डी-नोटिफाई कच्ची बस्तियों के नियमन सहित विभिन्न मामलों में राज्य सरकार द्वारा निर्धारित रियायतों का लाभ आमजन को दिया जाएगा।
आयुक्त चौधरी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य नागरिकों को राहत प्रदान करने के साथ-साथ लंबित मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके साथ ही अभियान अवधि के दौरान शहर में नालों की व्यापक सफाई, पेचवर्क, सिविल लाइन मरम्मत कार्य, फेरो कवर लगाने तथा अन्य आवश्यक नगरीय विकास कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में आयोजित शहरी सेवा शिविरों में पहुंचकर राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं एवं रियायतों का अधिकतम लाभ उठाएं।
