डॉ. कलाम के जीवन से सभी लें प्रेरणा: विधायक अशोक कोठारी ; समाचार पत्र वितरक दिवस पर वितरकों का सम्मान

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर गुरुवार को भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने विधायक कार्यालय में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर 15 अक्टूबर को मनाए जाने वाले समाचार पत्र वितरक दिवस के उपलक्ष्य में समाचार पत्र वितरकों को शुभकामनाएं दी गईं और उनके योगदान की सराहना की गई।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन सादगी, संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प की प्रेरणादायक मिसाल है। साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने वाले डॉ. कलाम ने अपनी प्रतिभा, समर्पण और राष्ट्रसेवा से विश्व में भारत का गौरव बढ़ाया। देश के मिसाइल कार्यक्रम में उनके महत्वपूर्ण योगदान के कारण उन्हें ‘मिसाइल मैन’ के नाम से जाना जाता है।

उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन युवाओं को बड़े सपने देखने, उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है। उनका व्यक्तित्व सिखाता है कि कोई भी कार्य छोटा नहीं होता, बल्कि ईमानदारी, लगन और कर्तव्यनिष्ठा ही व्यक्ति को महान बनाती है।

समाचार पत्र वितरकों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कोठारी ने कहा कि वितरक विपरीत परिस्थितियों में भी सुबह-सुबह घर-घर समाचार पत्र पहुंचाकर समाज को देश-दुनिया की घटनाओं, ज्ञान और विचारों से जोड़ते हैं। वे जनजागरण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी मेहनत से हजारों परिवारों की सुबह समाचारों के साथ होती है। उन्होंने सभी वितरक बंधुओं के परिश्रम, समर्पण और स्वाभिमान को नमन करते हुए उन्हें समाचार पत्र वितरक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन विधायक कार्यालय प्रभारी बाबूलाल टाक ने किया। इस अवसर पर समाचार पत्र वितरक संघ के अध्यक्ष अशोक खोईवाल सहित राजा राम जैन, भेरू लाल सिखवाल, रामेश्वर प्रजापत, किशोर लखवानी, घनश्याम तेली और कमलेश वैष्णव को साहित्य भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भगवान सिंह चौहान, पूर्व जिला उपाध्यक्ष कैलाश जीनगर, पार्षद प्रतिनिधि बहादुर सिंह, कमल कोठारी, विनोद मीणा, रचित रांका, गजेंद्र सिंह राठौड़, दिलीप सोनी, चेतन मानसिंहका, पृथ्वीराज सिंह, प्रिंस जैन और अजय पाराशर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड