महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में 5 हजार किलो सब्जियों से तैयार अन्नकूट का महाप्रसाद वितरित
भीलवाड़ा। गोवर्धन पूजा पर्व पर मंगलवार शाम शहर के संकटमोचन हनुमान मंदिर में अन्नकूट महाप्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सांयकाल मंदिर में महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज द्वारा महाआरती के बाद उनके सानिध्य में जैसे ही अन्नकूट का स्वादिष्ट महाप्रसाद का वितरण शुरू हुआ उसे पाने के लिए भक्तगण उमड़ पड़े। शहर के हर क्षेत्र से भक्तगण अन्नकूट का महाप्रसाद पाने के लिए पहुंचे थे। हनुमानजी महाराज के जयकारों की गूंज के बीच महाप्रसाद वितरण चलता रहा। अन्नकूट का प्रसाद पाने के लिए मंदिर के बाहर लंबी कतारे लग गई। अन्नकूट का प्रसाद पाने के लिए लंबी कतारों में लगे भक्तों को कोई परेशानी नहीं आए इसके लिए भी विशेष प्रबंध किए गए थे। पचास हलवाईयों की टीम ने पांच हजार किलो से अधिक विभिन्न तरह की सब्जियों का उपयोग करते हुए अन्नकूट का महाप्रसाद तैयार किया था। इसे तैयार करने में तेल के 25 से अधिक टिन एवं सात टिन से अधिक शुद्ध घी का उपयोग हुआ। स्वादिष्ट सब्जियों के साथ चावल एवं चवले भी बनाए गए। सब्जी तैयार करने में पनीर के सथ काजू,बादाम, किशमश, पिस्ता, केसर आदि का भी उपयोग किया गया। सब्जियों का जायका बढ़ाने के लिए तेज पता, लौंग, दालचीनी, इलायची, गरम मसाला आदि का भी तड़का लगाया गया। अन्नकूट के प्रसाद में मरके, गुलाबजामुन आदि विभिन्न तरह की मिठाईयां भी शामिल थी। अन्नकूट के अवसर पर हनुमानजी महाराज को विशेष चोला भी चढ़ाया गया। अन्नकूट के लिए सब्जियां एवं मिठाई तैयार करने का कार्य सुबह से व्यापक स्तर पर शुरू हो गया। अन्नकूट महाप्रसाद तैयार एवं वितरित कराने के कार्य में मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी महावीर अग्रवाल, सांवरमल बंसल,रमेश बंसल, मुकेश अग्रवाल, गोपाल बंसल, राजकुमार बिरावत आदि के साथ कई भक्तों ने भी समर्पित भाव से अपनी सेवाएं प्रदान की। समाज के हर वर्ग ने इस आयोजन को सफल बनाने में सहभागिता निभाई।

