बनेड़ा में श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना का शुभारंभ, विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने किया उद्घाटन

खबर को शेयर करे :-

आमजन, श्रमिकों और जरूरतमंदों को मिलेगा पौष्टिक एवं रियायती दर पर भोजन

बनेड़ा/शाहपुरा – राजेन्द्र खटीक राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना का शुभारंभ नगर पालिका क्षेत्र बनेड़ा में शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। विधायक ने फीता काटकर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ योजना का शुभारंभ किया तथा रसोई में तैयार भोजन का स्वाद भी चखा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन, श्रमिकों, जरूरतमंदों एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रही है। श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को रियायती दर पर पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। यह योजना राज्य सरकार की उस सोच को दर्शाती है, जिसके तहत कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे और सम्मानपूर्वक भोजन प्राप्त कर सके।

विधायक ने कहा कि गरीब, मजदूर, छात्र, यात्री एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए यह योजना बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। साथ ही इससे सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने योजना के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया। सभी ने योजना के सफल संचालन और अधिक से अधिक पात्र लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर बनेड़ा मंडल अध्यक्ष अशोक चेचाणी, लक्ष्मी लाल सोनी, एसडीएम बाबूलाल, ईओ प्रकाश साहू, प्रहलाद बैरवा, राजमल माली, कैलाश माली, महिम सुवालका, भैरूलाल लक्षकार, संपत माली, देबी लाल, जगदीश खटीक, जीवन बैरवा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विधायक डॉ. बैरवा ने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए योजना का लाभ अधिकाधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

खबर को शेयर करे :-