दशकों के अनुभव के साथ प्रो. राजकुमार चतुर्वेदी संगम विश्वविद्यालय से जुड़े

खबर को शेयर करे :-

कला एवं मानविकी संकाय के अधिष्ठाता का संभाला कार्यभार, विद्यार्थियों को मिलेगा अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ

भीलवाड़ा। संगम विश्वविद्यालय परिवार के लिए यह गर्व और सम्मान का विषय है कि वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. राजकुमार चतुर्वेदी ने विश्वविद्यालय के कला एवं मानविकी संकाय के अधिष्ठाता (डीन) के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक के समृद्ध शिक्षण, शोध एवं प्रशासनिक अनुभव के साथ उनका विश्वविद्यालय से जुड़ना संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

प्रो. चतुर्वेदी ने राजस्थान के विभिन्न प्रतिष्ठित राजकीय महाविद्यालयों में प्रोफेसर, प्राचार्य एवं प्रशासनिक अधिकारी के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान की हैं। हाल ही में उन्होंने माणिक्य लाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय, भीलवाड़ा के प्राचार्य के रूप में सफल नेतृत्व करते हुए शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध, कौशल विकास एवं छात्र कल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

भूगोल, राजनीतिक भूगोल, ग्रामीण विकास, संसाधन प्रबंधन, निर्वाचन अध्ययन एवं उच्च शिक्षा प्रशासन उनके प्रमुख विशेषज्ञता क्षेत्र रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में अनेक शोधार्थियों ने पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। इसके अलावा उनके 25 से अधिक शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने कई महत्वपूर्ण पुस्तकों का लेखन भी किया है तथा विभिन्न राष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रमों और कार्यशालाओं में सक्रिय भूमिका निभाई है।

संगम विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी प्रो. चतुर्वेदी अपने विशाल अनुभव, ज्ञान और दूरदर्शी नेतृत्व को शिक्षा जगत एवं समाज के हित में समर्पित कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन से कला एवं मानविकी संकाय को नई दिशा, नई ऊर्जा और उत्कृष्टता के नए आयाम प्राप्त होंगे।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. करूणेश सक्सेना ने प्रो. चतुर्वेदी का स्वागत करते हुए कहा कि उनका व्यापक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

वहीं कुलसचिव डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि प्रो. चतुर्वेदी का शैक्षणिक दृष्टिकोण और अनुभव कला एवं मानविकी संकाय के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलसचिव प्रो. राजीव मेहता तथा वित्तीय अधिकारी आयुष जैन भी उपस्थित रहे।

संगम विश्वविद्यालय परिवार ने प्रो. राजकुमार चतुर्वेदी का हार्दिक स्वागत करते हुए उनके सफल, प्रेरणादायी एवं गौरवपूर्ण कार्यकाल की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

खबर को शेयर करे :-