रायपुर-प्रतापपुरा मार्ग पर कीचड़ से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की उठाई मांग

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा (भीलवाड़ा), राजेन्द्र खटीक। क्षेत्र में मानसून की दस्तक के साथ ही रायपुर से प्रतापपुरा जाने वाले मार्ग की खराब स्थिति ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। सड़क पर कीचड़ और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण महेश (बंटी) शर्मा ने बताया कि रायपुर से प्रतापपुरा तक का मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में है। बरसात के दिनों में सड़क पर अत्यधिक कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे राहगीरों, विद्यार्थियों और किसानों को परेशानी उठानी पड़ती है।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन गांव के बच्चे और बच्चियां पढ़ाई के लिए प्रतापपुरा एवं शाहपुरा आते-जाते हैं। सड़क पर कीचड़ होने के कारण उनके कपड़े खराब हो जाते हैं और कई बार फिसलने की घटनाएं भी सामने आती हैं। वहीं ग्रामीणों को खेतों तक पहुंचने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बच्चे और ग्रामीण कीचड़ में फिसलकर गिर चुके हैं। आगामी दिनों में बारिश बढ़ने के साथ स्थिति और गंभीर होने की आशंका है, जिससे आवागमन लगभग बाधित हो सकता है।

महेश शर्मा सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रायपुर-प्रतापपुरा मार्ग का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और विद्यार्थियों तथा किसानों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।

खबर को शेयर करे :-