भीलवाड़ा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर शहर के एफ सेक्टर, वार्ड नंबर 26 स्थित हरणी कला पंचवटी गरबा स्थल पर श्री चामुंडा माता गरबा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। पहले दिन धार्मिक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के बीच श्रद्धालुओं ने गरबा कर माता रानी की आराधना की। कार्यक्रम में संतों का सानिध्य भी रहा।
महोत्सव के प्रथम दिवस पर छोटी हरणी आश्रम, हनुमान टेकरी से परम पूज्य बनवारी शरण जी काठिया बाबा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं मनसा पूर्ण बालाजी एवं द्वारकाधीश मंदिर के पुजारी जितेंद्र शास्त्री विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने माता रानी की आरती कर गरबा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में वार्ड नंबर 26 के पार्षद शंकर लाल जाट, समाजसेवी मनोहर लाल वैष्णव, चेतन लाल सालवी, नारायण लाल सालवी, देवनारायण डूंगरी के पुजारी, किशन गाडरी, रामेश्वर गाडरी सहित एफ सेक्टर के वरिष्ठजन एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने किया गरबा
गरबा महोत्सव के पहले दिन ही पांडाल में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और संगीत की धुन पर महिलाओं एवं युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में गरबा कर माता रानी की आराधना की। छोटे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा देर रात तक गरबा आयोजन चलता रहा।
पूरे नवरात्र होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
आयोजकों ने बताया कि हरणी कला पंचवटी में चामुंडा माता गरबा महोत्सव पूरे नवरात्र तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन माता रानी की आरती के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
