बापूनगर में लीलाराम सबनानी के समर्थन में उमड़ा सिंधी समाज, नामांकन के साथ चुनावी अभियान को मिली रफ्तार

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। सिंधी सेंट्रल पंचायत चुनाव को लेकर शहर में चुनावी माहौल गर्माता जा रहा है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार एवं वरिष्ठ समाजसेवी लीलाराम सबनानी ने शनिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ ही जनसंपर्क अभियान को और तेज कर दिया। बापूनगर स्थित सिंधु धाम में आयोजित समाजजन मिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोगों, युवाओं और मातृशक्ति ने भाग लिया तथा सबनानी का ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया।

सिंधी समाज के मीडिया प्रभारी मूलचंद बहरवानी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सबनानी ने समाज के विकास, युवाओं की भागीदारी और महिलाओं की भूमिका को लेकर सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि यदि समाज उन्हें सेवा का अवसर देता है तो पारदर्शिता, एकजुटता और विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।

सभा में युवाओं ने भी अपने विचार रखे और समाज में नई सोच के साथ कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। इससे पहले सबनानी ने आजाद चौक क्षेत्र में व्यापारियों से जनसंपर्क कर समर्थन मांगा। व्यापारियों ने माल्यार्पण, श्रीफल भेंट और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करते हुए चुनाव में सहयोग का भरोसा दिलाया।इसके बाद लीलाराम सबनानी ने अपने समर्थकों के साथ चुनाव अधिकारी ओमप्रकाश देवानी के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। इस अवसर पर समाज के कई वरिष्ठजन, पूर्व जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। सभी ने मेवाड़ी पाग, दुपट्टा और माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के अंत में लीलाराम सबनानी ने समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि पूरे सिंधी समाज को एकजुट कर विकास की नई दिशा देना है। उन्होंने अपने संकल्प “सबका साथ, सबका विश्वास और सिंधी समाज का विकास” को दोहराते हुए अधिक से अधिक समर्थन देने की अपील की।

खबर को शेयर करे :-