मोहर्रम से पहले सदर बाजार सड़क की मरम्मत की मांग, निवर्तमान पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन

खबर को शेयर करे :-

शाहपुरा (भीलवाड़ा), राजेन्द्र खटीक। आगामी मोहर्रम पर्व को देखते हुए शाहपुरा शहर के सदर बाजार की क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग को लेकर नगर पालिका के निवर्तमान पार्षदों ने अधिशासी अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन नगर पालिका के जेईएन को देकर सड़क की शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग की गई।

निवर्तमान पार्षद एवं चेयरमैन प्रत्याशी रहे मुबारिक हुसैन ने बताया कि त्रिमूर्ति चौराहे से सदर बाजार होते हुए बालाजी की छतरी तक पानी की पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं तथा पाइपलाइन डालने के बाद मार्ग ऊबड़-खाबड़ हो गया है। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।

निवर्तमान पार्षद डॉ. मोहम्मद इशाक ने बताया कि मोहर्रम का पर्व नजदीक है और मानसून भी दस्तक दे चुका है। ऐसे में सड़क की तत्काल मरम्मत आवश्यक है। यदि समय रहते सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो बारिश के कारण स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा दुर्घटनाओं में वृद्धि होने की संभावना है।

वरिष्ठ निवर्तमान पार्षद हमीद खान ने कहा कि वर्तमान में सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सड़क को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने की मांग की।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हल्की बारिश के दौरान भी सदर बाजार में जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे बाजार की ग्राहकी प्रभावित होती है। पानी भरने के कारण लोगों को बाजार में आने-जाने में दिक्कत होती है और व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ता है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ निवर्तमान पार्षद हमीद खान कायमखानी, मुबारिक हुसैन, डॉ. मोहम्मद इशाक, अमजद खान, पार्षद प्रतिनिधि मदन सर्वा तथा एसडीपीआई के निवर्तमान पार्षद यूसुफ मोहम्मद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड