नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, आज अंबेडकर सर्कल पर होगा ‘एक शाम छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा, 27 जून। नीट (NEET) परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए छात्रों के हितों की रक्षा की मांग की है। इसी क्रम में कांग्रेस ने शुक्रवार को शहर के एक निजी होटल में प्रेस वार्ता आयोजित कर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) के अध्यक्ष रामलाल जाट ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के हितों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।

इस अवसर पर पूर्व नगर परिषद चेयरमैन एवं भीलवाड़ा विधानसभा प्रत्याशी ओमप्रकाश नरानीवाल, पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रद्युम्न सिंह, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव शंकरलाल गाडरी, महेश सोनी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

आज होगा ‘एक शाम छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम

जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) के अनुसार 27 जून 2026, शनिवार शाम 6 बजे भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन के सामने स्थित अंबेडकर सर्कल पर ‘एक शाम छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में छात्र, युवा और अभिभावक अपने विचार साझा करेंगे तथा नीट परीक्षा में कथित धांधली, पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील

जिला कांग्रेस कमेटी (देहात) ने जिले के विद्यार्थियों, युवाओं, अभिभावकों एवं आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है।

खबर को शेयर करे :-