आमजन के सहयोग से श्री राम गौ सेवा समिति ने खरीदी नई गौ सेवा एम्बुलेंस, 24 घंटे मिलेगी रेस्क्यू सुविधा

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। घायल, बीमार और दुर्घटनाग्रस्त गोवंश को समय पर राहत एवं उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से श्री राम गौ सेवा समिति, भीलवाड़ा ने आमजन के सहयोग से एक नई अत्याधुनिक गौ सेवा एम्बुलेंस (पिकअप वाहन) खरीदी है। समिति का कहना है कि वाहन को जल्द ही आवश्यक आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित कर 24 घंटे गौ सेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।

समिति के प्रतिनिधि राम लखन ने बताया कि श्री राम गौ सेवा समिति पिछले कई वर्षों से जिले में निरंतर गौ सेवा के कार्य में सक्रिय है। समिति की टीम सूचना मिलते ही घायल, बीमार या सड़क दुर्घटना में घायल हुए गोवंश के पास पहुंचकर उनका रेस्क्यू करती है और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल या गौशाला तक सुरक्षित पहुंचाने का कार्य करती है।

उन्होंने बताया कि नई गौ सेवा एम्बुलेंस में हाइड्रोलिक लिफ्ट सिस्टम, क्रेन सिस्टम, इमरजेंसी मेडिकल किट सहित अन्य आवश्यक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन उपकरणों की मदद से गंभीर रूप से घायल अथवा उठने में असमर्थ गोवंश का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें शीघ्र उपचार के लिए पहुंचाया जा सकेगा।

एम्बुलेंस खरीदने के अवसर पर बड़ी संख्या में गौ सेवक उपस्थित रहे। सभी ने गौ सेवा के इस अभियान को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया तथा समाज से निरंतर सहयोग की अपील की।

समिति ने इस सेवा वाहन के लिए आर्थिक सहयोग करने वाले सभी गौ भक्तों और भामाशाहों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आमजन के सहयोग से ही गौ सेवा के कार्यों को नई गति मिली है। समिति ने भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की।

समिति का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल एक है—घायल और असहाय गोवंश तक समय पर पहुंचना, उनका सुरक्षित रेस्क्यू करना और उन्हें शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना। इसी संकल्प के साथ यह नई गौ सेवा एम्बुलेंस जिले में सेवा कार्य को और अधिक प्रभावी बनाएगी।

खबर को शेयर करे :-