भीलवाड़ा। शहर में चल रहे विकास कार्यों और वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर शनिवार को विधायक अशोक कुमार कोठारी ने जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी तथा नगर विकास न्यास (यूआईटी) के अधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण की शुरुआत एमटीएम तिराहे से जोधाड़ास फाटक तक 100 फीट रोड के चौड़ाईकरण कार्य से हुई। विधायक ने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे पटरी पार क्षेत्र की जनता को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
इसके बाद सब्जी मंडी, बायोस्कोप, सुखाड़िया सर्कल और जोधाड़ास फाटक स्थित आरयूवी का निरीक्षण कर वर्षा के दौरान जलभराव रोकने के लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन का आवागमन बाधित न हो।
संयुक्त टीम ने 200 फीट रोड स्थित सनराइज ड्रीम सिटी के पास निर्माणाधीन पुलिया का भी निरीक्षण किया। विधायक ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद केशव अस्पताल के समीप कोठारी नदी ब्रिज का निरीक्षण कर उसके रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। रोडवेज बस स्टैंड क्षेत्र में गणेश मंदिर के पास स्थित नाले तथा कृष्णा हॉस्पिटल तक जल निकासी व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। बस स्टैंड क्षेत्र में खुदे पड़े नाले का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मूक-बधिर विद्यालय के पास वार्ड संख्या 55 के नाले की सफाई, सांगानेर गेट नाला, रामस्नेही हॉस्पिटल व रामद्वारा के पास स्थित कचरा स्टैंड की सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। अग्रवाल उत्सव भवन क्षेत्र के नाले, अतिक्रमण तथा आनंदधाम हवेली मार्ग की समस्याओं पर भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
संयुक्त टीम आजाद चौक मार्केट भी पहुंची, जहां लंबे समय से लंबित नाली निर्माण कार्य को लेकर व्यापारियों में नाराजगी थी। विधायक ने अधिकारियों को निर्माण कार्य तत्काल गति देकर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद ट्रांसपोर्ट नगर, पीएफसी गार्डन, इनलैंड कंटेनर डिपो तथा पुरानी डालडा मिल के पीछे के क्षेत्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान प्राथमिकता है। विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा नागरिकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान गजेंद्र सिंह राठौड़, एडवोकेट अर्पित कोठारी, संजय राठी, सत्यनारायण गूगड़, कमल कोठारी, राजकुमार ईनाणी, चेतन मानसीका, केदार जागेटिया, दिनेश सुथार, पृथ्वीराज, सारथी महेंद्र सहित क्षेत्रीय नागरिक एवं व्यापारी भी विभिन्न स्थानों पर उपस्थित रहे।
