भीलवाड़ा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत केंद्र, भीलवाड़ा एवं विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” विषय पर जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला युवा अधिकारी रचना शर्मा ने अतिथियों के स्वागत के साथ की। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान एवं माय भारत (MY Bharat) पोर्टल की जानकारी देते हुए युवाओं से अधिक से अधिक जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद दामोदर अग्रवाल ने युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा देते हुए विकसित भारत अभियान से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

विशिष्ट अतिथियों में रेड क्रॉस सोसाइटी, भीलवाड़ा के सचिव रमेश मुंदड़ा, विद्या प्रोफेशनल एंड टेक्निकल कॉलेज की डायरेक्टर गीता चौधरी, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अशोक चौधरी, प्राचार्य डॉ. जसवंत सिंह चौहान सहित कॉलेज स्टाफ मौजूद रहा। माय भारत भीलवाड़ा से जगदीश शर्मा एवं बाबूलाल वैष्णव भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शुभम ओझा ने किया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम स्थान प्राप्त विजेता अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भीलवाड़ा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। भाषण प्रतियोगिता में खुशी शर्मा, कविता पाठ में आयुषी व्यास, रील एवं शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता में राहुल बैरवा, नुक्कड़ नाटक में लक्ष्मी एवं ग्रुप, पेंटिंग में अश्लेषा अग्रवाल, स्लोगन लेखन में नित्या मल्होत्रा, संगीत प्रतियोगिता में राजकुमार खटीक तथा नृत्य प्रतियोगिता में विद्या एवं ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को अतिथियों ने पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी युवाओं को नशा मुक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई गई तथा नशा मुक्ति पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
