भीलवाड़ा। हरी शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन के सानिध्य में श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन प्रातः 4 बजे से हर सिद्धेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक संपादित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार, 17 अगस्त को नागपंचमी के पावन अवसर पर नागराज का विधिवत पूजन एवं अभिषेक किया गया।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन ने बताया कि नागपंचमी का पर्व श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाया जाता है। इस दिन नाग देवताओं की पूजा-अर्चना करने की विशेष धार्मिक मान्यता है। श्रद्धालु सुख-शांति, समृद्धि एवं सुरक्षा की कामना के साथ नाग देवता का पूजन करते हैं। साथ ही कालसर्प दोष से मुक्ति तथा भगवान शिव की कृपा प्राप्ति के लिए भी नागपंचमी का दिन विशेष माना जाता है।
स्वामी जी ने बताया कि नागराज को भगवान शिव के गले का हार माना गया है, इसलिए नागपूजन का भगवान शिव की आराधना से भी विशेष संबंध है। नागपंचमी के अवसर पर आश्रम में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ पूजन-अभिषेक में भाग लिया। इस दौरान स्वामी हंसराम जी उदासीन के साथ अनेक भक्तगण उपस्थित रहे।
