33 माह के कार्यकाल में जनता और प्रभु के स्नेह को बताया सबसे बड़ी पूंजी, नगर निगम चुनाव में सेवाभावी प्रतिनिधियों के चयन का आह्वान
भीलवाड़ा। हरी शेवा धाम में आयोजित कार्यकर्ता स्नेह मिलन समारोह में शहर विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि जनसेवा ही उनके जीवन का ध्येय है। राजनीति में व्यक्तिगत कुछ भी नहीं होता, सब कुछ ईश्वर का प्रसाद और माता-पिता, गुरुदेव तथा जनता का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि 33 माह पूर्व जब वे जनता के बीच आए थे, तब मिले स्नेह और विश्वास को वे कभी नहीं भूल सकते। इस विश्वास और स्नेह को कभी कम नहीं होने देने का उन्होंने कार्यकर्ताओं से दृढ़ वचन लिया।
राजनीतिक जीवन के शुरुआती दौर को याद करते हुए विधायक कोठारी ने बताया कि वर्ष 2008 में पूर्व सांसद एवं पूर्व राज्यपाल वी.पी. सिंह ने उन्हें चुनावी राजनीति में आने का सुझाव दिया था। उस समय उन्होंने स्पष्ट किया था कि वे राजनीति में व्यक्तिगत लाभ या केवल चुनावी सिंबल के आधार पर नहीं, बल्कि अपने व्यक्तित्व और सेवा भाव के साथ उतरेंगे। राजनीति में आने से पहले परिवार के साथ हुए संवाद को याद करते हुए कोठारी भावुक भी हो गए। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह जी के चार साहिबजादों के बलिदान और शहीद-ए-आजम भगत सिंह की देशभक्ति का उदाहरण देते हुए कहा कि देश सेवा का मार्ग उनके लिए सर्वोपरि रहा है।
मेवाड़ की वीर परंपरा का किया स्मरण
विधायक ने मेवाड़ की ऐतिहासिक और पावन धरा का स्मरण करते हुए कहा कि यह भूमि महाराणा प्रताप, महारानी पद्मिनी, पन्नाधाय और भक्ति शिरोमणि मीराबाई जैसी महान विभूतियों की तपस्थली रही है। उन्होंने कहा, “जो दृढ़ राखे धर्म को, ताहि राखे करतार।” संतों के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का ध्येय सेवा करना, स्वयं को जानना और ईश्वर की प्राप्ति करना है। राजनीति भी सेवा का एक सशक्त माध्यम है और इसमें अच्छे लोगों का आना आवश्यक है।
विकास कार्यों के साथ नगर निगम चुनाव की तैयारी का संदेश
कोठारी ने अपने 33 माह के कार्यकाल में भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि ये कार्य जनता के सहयोग, कार्यकर्ताओं की मेहनत, सांसद के सहयोग और प्रदेश के मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से संभव हुए हैं। आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से भीलवाड़ा को सुंदर, स्वच्छ और विकासशील बनाने के लिए निष्काम भाव से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अच्छे, ईमानदार और सेवाभावी प्रतिनिधियों का चयन होना चाहिए, ताकि शहर के विकास की गति और तेज हो सके।
संतों का मिला सानिध्य
कार्यकर्ता स्नेह मिलन समारोह में प्रसिद्ध भजन गायक संत प्रकाशदास महाराज, महामंडलेश्वर बाबू गिरी महाराज, महंत रामदास रामायणी, महंत संतदास महाराज, महंत बलराम दास, मंशापूर्ण बालाजी के पंडित कृष्ण शास्त्री, गुरला महंत पुनीतदास, संत लाल महाराज, पुजारी संत माधोराम सालवी, पुजारी मुरारी पांडे और संत प्रकाशानन्द सहित अनेक संतों का सानिध्य रहा।
प्रसिद्ध भजन गायक संत प्रकाशदास महाराज ने देशभक्ति और महादेव के भजनों की प्रस्तुति से समारोह का माहौल भक्तिमय कर दिया। उन्होंने “वीर हनुमान को मेरा बार-बार प्रणाम” और “भीलवाड़ा में जोगी आया…” जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि एक आह्वान पर इतनी संख्या में संतों का जुटना राष्ट्रनीति का प्रतीक है। उन्होंने भीलवाड़ा में पहली बार ‘गाय वाला’ विधायक देखने की बात भी कही।
महंत संतदास महाराज ने कहा कि विधायक अशोक कोठारी सत्ता और शासन का उपयोग समाज हित में कर रहे हैं। समारोह में न्यास के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण डाड, विवेकानंद केंद्र के प्रदेश संयोजक भगवान सिंह चौहान, तत्कालीन उपमहापौर रामनाथ योगी, उद्योगपति राजेश बालार, तिलोक चन्द छाबड़ा, पद्मश्री जानकी लाल भांड सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा खेल और कला क्षेत्र की प्रतिभाएं मौजूद रहीं। मंच संचालन कैलाश जीनगर ने किया। संतों द्वारा बहुमान किए जाने के बाद विधायक कोठारी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
33 माह के कार्यकाल में विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड
विधायक की ओर से जारी उपलब्धियों के अनुसार भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत विकास, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, यातायात, ड्रेनेज, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्य किए गए हैं।
मानसरोवर झील एवं नगर वन के सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। गांधी सागर पार्क एवं तालाब, कोठारी नदी रिवर फ्रंट, नेहरू तलाई झील और मरडिया नाड़ी के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव हैं। पौधारोपण और ग्रीन कवर विकास के लिए 8 करोड़ रुपए प्रस्तावित किए गए हैं। आजाद चौक सहित तीन नए पिंक टॉयलेट बनाए गए हैं। ट्रेंचिंग ग्राउंड की कचरा प्रोसेसिंग क्षमता 147 टन से बढ़ाकर 210 टन की गई है। 13 करोड़ रुपए की लागत से दो ट्रांसफर स्टेशन तथा 23 करोड़ रुपए के उपकरण और चार स्वीपर मशीनें खरीदने की योजना बताई गई है।
यातायात और ड्रेनेज के क्षेत्र में एलिवेटेड रोड, साबुन मार्ग पर आरयूबी और मल्टीलेवल स्मार्ट पार्किंग के कार्य प्रगति पर हैं। आईआईटी खड़गपुर से मास्टर ड्रेनेज प्लान तैयार कराया गया है। रोडवेज बस स्टैंड से कोठारी नदी तक नाला निर्माण और मेजा नहर के सुदृढ़ीकरण का कार्य भी जारी है। अजमेर और चित्तौड़गढ़ प्रवेश मार्गों के नवनिर्माण एवं सौंदर्यीकरण, सांगानेर मार्ग पर पुलिया, अंबाजी एवं टेक्सटाइल मार्केट सड़क तथा रीको थर्ड फेज में सीसी रोड के कार्य प्रस्तावित हैं।
बिजली-पानी और शिक्षा-स्वास्थ्य पर जोर
नेहरू नगर और रामप्रसाद लड्ढा नगर में दो 132 केवी जीएसएस तथा विजय सिंह पथिक नगर में 33 केवी जीएसएस का निर्माण कराया गया है। 1.37 करोड़ रुपए की लागत से हाई वोल्टेज लाइन शिफ्टिंग का कार्य पूरा होने की जानकारी दी गई। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 26.5 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। अमृत-2 योजना के तहत निजी कॉलोनियों को चंबल के पानी से जोड़ने और मेजा बांध से जलापूर्ति के कार्य जारी हैं।
शिक्षा क्षेत्र में राजस्थान की पहली माइनिंग ब्रांच भीलवाड़ा को मिलने की बात कही गई। सरकारी स्कूलों और कॉलेजों के जीर्णोद्धार के लिए 40.41 करोड़ रुपए के कार्य जारी हैं, जबकि 17.66 करोड़ रुपए के नए कार्य प्रस्तावित हैं। एमजी अस्पताल में घुटने और कूल्हे के ऑपरेशन, फेको, मेमोग्राफी और डिजिटल रेडियोग्राफी की सुविधाएं शुरू की गई हैं। पुर में मॉडल सीएचसी का निर्माण प्रगति पर है, जिसके जनवरी 2027 तक शुरू होने की संभावना बताई गई है। चार नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी स्थापित किए गए हैं। एमजी अस्पताल में कैथलैब, नए आईपीडी भवन और भूमिगत विद्युत लाइनों के कार्य प्रस्तावित हैं।
खेल, महिला और दिव्यांग कल्याण को भी प्राथमिकता
3 से 13 वर्ष के बच्चों के लिए ‘विधायक खेल योजना’ के चार सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। सुखाड़िया स्टेडियम, रामपाल स्टेडियम, पुर स्टेडियम और एमएलवी कॉलेज सहित विभिन्न स्थानों पर खेल सुविधाओं के विकास तथा पटेलनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स स्टेडियम का प्रस्ताव है। 104 दिव्यांगजनों को स्कूटियां वितरित की गई हैं। आजाद नगर में महिला हॉस्टल का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि सावित्रीबाई फुले छात्रावास का कार्य प्रगति पर है।
पुलिस लाइन बैरक और थानों के जीर्णोद्धार, अत्याधुनिक जिम निर्माण तथा एआई आधारित सुरक्षा कैमरे लगाने की योजना भी रिपोर्ट कार्ड में शामिल है।
विधानसभा में 100 प्रतिशत उपस्थिति
संसदीय कार्यों का उल्लेख करते हुए विधायक कोठारी ने बताया कि 16वीं विधानसभा के छह सत्रों में उनकी 100 प्रतिशत उपस्थिति रही और इस दौरान 335 प्रश्न उठाए गए।
जारी रिपोर्ट के अनुसार कुल घोषित एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की राशि 1,380.45 करोड़ रुपए है। इसमें 426.90 करोड़ रुपए के कार्य प्रगति पर हैं, जबकि 953.55 करोड़ रुपए के कार्य प्रस्तावित बताए गए हैं। इसके अतिरिक्त अमृत-2 योजना के तहत 195.95 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
