दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5,850 किलो खाद्य सामग्री सीज

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा में मिर्ची मंडी के कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण, मिठाई दुकानों से भी लिए सैंपल

भीलवाड़ा, 26 अक्टूबर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा के नेतृत्व में विभाग की दो टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के नमूने लिए। इस दौरान मिर्ची मंडी स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में रखी 5,850 किलोग्राम खाद्य सामग्री को जांच रिपोर्ट आने तक सीज कर दिया गया।

काजू, किशमिश और मसालों सहित 5,850 किलो सामग्री सीज

सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मिर्ची मंडी स्थित कोल्ड स्टोरेज की जांच के दौरान काजू, किशमिश और विभिन्न मसालों के नमूने लिए गए। संबंधित सामग्री की गुणवत्ता की पुष्टि होने तक उसे सीज करने की कार्रवाई की गई।

सीज की गई सामग्री में 2,000 किलो काजू, 1,050 किलो अजवाइन, 600 किलो सौंफ, 700 किलो किशमिश और 1,500 किलो लाल मिर्च पाउडर शामिल हैं। कुल 5,850 किलो खाद्य सामग्री को नियमानुसार सीज किया गया।

इस कार्रवाई के दौरान डॉ. शर्मा के साथ डॉ. दिलराज मीणा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव, नीरज मीणा, कुलदीप चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

मिठाई की दुकानों से भी लिए गए नमूने

खाद्य सुरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने कोटड़ी क्षेत्र में मिठाई प्रतिष्ठानों की जांच की। टीम ने चारभुजा मिष्ठान भंडार से फीके मावे और रसगुल्ले के नमूने लिए। बजरंग मिष्ठान भंडार से बीकाजी केसरबाटी तथा जोधपुर मिष्ठान भंडार से बर्फी और रसगुल्ले के सैंपल संग्रहित किए गए।

विभाग की ओर से सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान बीसीएमओ डॉ. सुरेश कुमार शर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार रेगर और विजय मेहता भी मौजूद रहे।

मिठाई खरीदते समय एक्सपायरी डेट जरूर देखें

सीएमएचओ डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने त्योहार के दौरान लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पैकेटबंद सामान खरीदने से पहले उसकी निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि की जांच अवश्य करें। अवधिपार या संदिग्ध गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की खरीदारी से बचें।

उन्होंने आमजन से यह भी कहा कि यदि किसी दुकान पर संदिग्ध या एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेची जाती दिखाई दे, तो इसकी जानकारी जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबर 01482-232643 पर दें। शिकायत मिलने पर विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड