नवाचार और वैज्ञानिक सोच का संगम, पीएम श्री बापूनगर स्कूल में विज्ञान मेले का आयोजन

खबर को शेयर करे :-

भीलवाड़ा। पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बापूनगर में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य सुनीता ननकानी ने बताया कि मेले का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र कुमार गग्गड़ ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विज्ञान मेले विद्यार्थियों में सृजनात्मकता के साथ-साथ तर्कपूर्ण चिंतन और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मेले में कुल 30 प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए गए, जिनमें जूनियर वर्ग के 17 तथा सीनियर वर्ग के 13 प्रोजेक्ट शामिल रहे। छात्राओं ने हाइड्रोलिक लिफ्ट, साइबर सेफ्टी, वर्षा जल संरक्षण, जीवनोपयोगी गैजेट्स, प्रदूषण नियंत्रण, ऊर्जा के गैर-पारंपरिक स्रोत और ग्रीन स्कूल सहित विभिन्न विषयों पर आकर्षक वर्किंग मॉडल प्रस्तुत किए। कार्यक्रम संयोजक गौरव कुमारी ने बताया कि विज्ञान मेले का विद्यालय के समस्त स्टाफ के साथ लगभग 750 छात्राओं ने अवलोकन किया। मेले में आकर्षक सजावट के साथ विशेष सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया, जो विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में रेणु, सीमा कोहली, शुभम खोईवाल, लक्ष्मी शर्मा, अमर ज्योति, सौरभ सिंह और हर्षित शर्मा का विशेष योगदान रहा। मेले में चयनित छात्राएं अब जिला स्तर पर विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।

खबर को शेयर करे :-