भीलवाड़ा। चित्तौड़ रोड मुख्य मार्ग पर ओवर ब्रिज के पास कचरा डालकर जलाने के मामले में नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम ने होटल रेडियंस और मारुति सुजुकी चैंपियन कार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने बताया कि दोनों संस्थानों द्वारा ओवर ब्रिज के समीप कचरा डाले जाने और उसमें आग लगाए जाने की जानकारी सामने आई थी। इससे मुख्य मार्ग और आसपास का क्षेत्र प्रदूषित होने के साथ सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचने की स्थिति बनी।
निगम प्रशासन ने राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 की धारा 232, 267, 297 ए तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किए हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा।
वार्ड 07 और 11 का औचक निरीक्षण, सफाई में लापरवाही पर नोटिस के निर्देश
निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने वार्ड नंबर 07 और 11 का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान बीटवार कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की गई। वार्ड की सड़कों और नालियों में गंदगी मिलने पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित जमादार और स्वास्थ्य निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मयूर स्कूल के सामने स्थित कचरा स्टैंड की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों से सफाई व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया और लोगों से निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने तथा मुख्य मार्गों पर गंदगी नहीं फैलाने की अपील की। इसके अलावा खाली भूखंडों पर गंदगी फैलाने वाले लोगों और प्लॉट मालिकों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए, ताकि शहर की स्वच्छता और सुंदरता बरकरार रखी जा सके।
