भीलवाड़ा, 8 सितंबर। विजय सिंह पथिक नगर के बड़े पार्क में संचालित नि:शुल्क योग कक्षा में मंगलवार को तीन दिवसीय हार्टफुलनेस ध्यान शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर का आयोजन पूर्व संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा, अजमेर संभाग एवं हार्टफुलनेस प्रशिक्षक डॉ. महावीर कुमार शर्मा के निर्देशन में किया जा रहा है। कार्यक्रम में फिजिशियन डॉ. ओमप्रकाश छिपा एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. ओमप्रकाश आगाल अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी एवं पतंजलि योगपीठ के मुख्य योग शिक्षक प्रेम शंकर जोशी ने बताया कि 8 से 10 सितंबर तक योग सत्र के बाद हार्टफुलनेस के दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा। दूसरे दिन हार्टफुलनेस सफाई और तीसरे दिन हार्टफुलनेस प्रार्थना के साथ ध्यान का अभ्यास करवाया जाएगा। उन्होंने पथिक नगर के योग साधकों एवं अन्य लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में शामिल होकर हार्टफुलनेस ध्यान का अभ्यास करने का आह्वान किया।
शिविर की व्यवस्थाओं में पूर्व प्रधानाचार्य रेखा आगाल, ओमप्रकाश जागेटिया, संतोष वर्मा एवं कवि नरेंद्र कुमार वर्मा विशेष सहयोग कर रहे हैं। ध्यान अभ्यास के बाद रेखा मराठा, लीला कास्ट, रतन सोनी जटाशंकर, रमेश बांगड़, मनीष एवं सत्यनारायण पटवारी ने अपने अनुभव साझा किए।
