हनुमानजी महाराज स्वयं करा रहे भागवत कथा, न आयोजन समिति न कोई प्रायोजक : काठियाबाबा

खबर को शेयर करे :-

11 से 17 नवंबर तक हनुमान टेकरी पर होगा श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ, वृंदावन के आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री करेंगे कथा वाचन

11 नवंबर को दादीधाम से निकलेगी विशाल कलश शोभायात्रा, हजारों श्रद्धालुओं के बैठने के लिए तैयार हो रहा विशाल पांडाल

खबर प्रसार टाइम्स

भीलवाड़ा। छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम में 11 से 17 नवंबर तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में वृंदावन के प्रख्यात कथावाचक एवं गौरक्षक आचार्य महेन्द्र कृष्ण शास्त्री प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक व्यास पीठ से कथा का वाचन करेंगे।

आयोजन को लेकर गुरुवार को आश्रम परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में महंत बनवारीशरण काठियाबाबा ने कहा कि यह कथा हनुमानजी महाराज स्वयं करवा रहे हैं, वे तो केवल निमित्त मात्र हैं। इस आयोजन के लिए न तो किसी आयोजन समिति का विधिवत गठन किया गया है और न ही कोई संगठन या संस्था प्रायोजक है। समस्त भीलवाड़ावासियों और छोटी हरणी ग्रामवासियों के सहयोग से यह आयोजन किया जा रहा है। कथा सर्व समाज के लिए है और सभी का सहयोग ही इसे सफल बनाएगा।

उन्होंने बताया कि अधिकाधिक धर्मप्रेमियों को कथा का लाभ मिल सके, इसके लिए विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों को भी आयोजन से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।

कथा शुभारंभ से पूर्व 11 नवंबर को सुबह 9.15 बजे दादीधाम से हनुमान टेकरी तक विशाल कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें सैकड़ों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी। कथा स्थल पर हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की क्षमता वाला विशाल डोमयुक्त पांडाल तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही मुख्य मार्ग एवं कथा स्थल के बाहर स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं और विशेष सजावट की जा रही है।

अलग-अलग कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां

आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कलश यात्रा की जिम्मेदारी रेखाकंवर झाला, प्रेमलता शर्मा एवं मंजू पोखरना को दी गई है। शोभायात्रा प्रभारी मनोज सोनी, निखिल अग्रवाल, गोवर्धनलाल वैष्णव एवं प्रिंस सिसोदिया होंगे। पांडाल व्यवस्था अंकित सोमानी एवं हर्ष राठी संभालेंगे। मीडिया प्रभारी निलेश कांठेड़ होंगे, जबकि भोजन व्यवस्था का दायित्व छोटी हरणी के ग्रामवासियों को सौंपा गया है।

सात दिनों में होंगे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और छप्पन भोग सहित विभिन्न प्रसंग

सात दिवसीय कथा के दौरान प्रतिदिन श्रीमद् भागवत के विभिन्न प्रसंगों का वाचन होगा। 11 नवंबर को श्रीमद् भागवत स्थापना, भागवत महात्म्य, व्यास-नारद संवाद एवं कुंती स्तुति होगी। 12 नवंबर को कपिल-देवहूती संवाद, सती चरित्र एवं ध्रुव चरित्र का वर्णन होगा। 13 नवंबर को जड़भरत संवाद, नृसिंह अवतार एवं वामन अवतार के प्रसंग सुनाए जाएंगे।

14 नवंबर को श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 15 नवंबर को श्रीकृष्ण बाल लीलाएं, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग का आयोजन होगा। 16 नवंबर को उद्धव चरित्र, रुक्मणी मंगल एवं रास पंचाध्यायी प्रसंग होंगे। वहीं 17 नवंबर को द्वारिका लीला, सुदामा चरित्र एवं परीक्षित मोक्ष प्रसंग के साथ व्यास पूजन और पूर्णाहुति के साथ कथा महोत्सव का समापन होगा।

आयोजकों ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर श्रीमद् भागवत कथा का पुण्य लाभ लेने का आह्वान किया है।

खबर को शेयर करे :-
KP Times
KP Times
KP Times App
खबरें पढ़ें सीधे हमारे Android App पर
APP डाउनलोड