भीलवाड़ा। माणिक्य नगर में इस बार भी गणेश महोत्सव को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के नेतृत्व में 14 से 25 सितंबर तक ‘माणिक्य नगर के राजा’ के गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव को लेकर क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल बना हुआ है।
आयोजन समिति के अनुसार, प्रतिदिन शाम 8 बजे से रात 11 बजे तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें एकल नृत्य, सामूहिक नृत्य, डांडिया रास सहित कई प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रमों में क्षेत्र के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी रहेगी।
आयोजन समिति अध्यक्ष रोहित सेन ने बताया कि माणिक्य नगर में ‘माणिक्य नगर के राजा’ के नाम से गणेश महोत्सव पिछले 18 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष भी आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं और नवयुवक मंडल में उत्साह है।
महोत्सव की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लखन सोनी, मनोज सोनी, सूरज प्रजापत, अखिलेश व्यास, लादू प्रजापत, सौम्य मेहता सहित बजरंग दल माणिक्य नगर के कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
